- Hindi News
- एक की छाती में लगी गोली, दूसरे की टांग में
एक की छाती में लगी गोली, दूसरे की टांग में
हरियाणासीमा के नजदीक पंजाब के गांव खेलन के नजदीक गैंगवार के चलते शनिवार शाम हुई फायरिंग में एक गैंग के दो सदस्य गोली लगने से जख्मी हो गए। फायरिंग के पीछे बराड़ा के नजदीक घोया थंबल ग्रुप का हाथ बताया गया है, जिसमें भुप्पी राणा ग्रुप के दो सदस्य जख्मी हुए। दोनों को पीजीआई, चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक खाली और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। हादसा करीब चार बजे हुआ। बीआर ग्रुप का प्रमुख भुप्पी राणा वासी जोधपुर अपने साथी जगदीश वासी रजापुर, अमृतसर से दिनेश और लखविंदर सिंह के साथ डस्टर गाड़ी में जोधपुर लौट रहे थे। रास्ते में एक मोड़ पर उन्हें दो मोटरसाइकलों पर सवार चार युवक संदिग्ध हालात में खड़े दिखे। शक होने पर जैसे ही उन्होंने गाड़ी रोकी और उतरकर भागने को हुए तो चारों युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। वे किसी तरह खेतों में भागे, परंतु इस बीच एक गोली लखविंदर की छाती और एक गोली दिनेश की टांग में लगी। फायरिंग के बाद मोटरसाइकिल सवार अंबाला की ओर फरार हो गए। बाद में भुप्पी राणा उसी डस्टर में घायलों को लेकर पीजीआई पहुंचा और पुलिस को हादसे की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर डेराबस्सी के एसपी अनिल शर्मा, हंडेसरा के एसएचओ भारतभूषण, लालडू एसएचओ महेश सैनी के अलावा हरियाणा में महेश नगर, रायपुररानी और अंबाला के एसएचओ भी मौके पर पहुंचे। एसपी अनिल शर्मा के अनुसार पुलिस ने मौके से .315 बोर का खाली और 7.65 बोर का जिंदा कारतूस बरामद किया है। गाड़ी देखकर पता चलेगा कि गोलियां उस पर भी लगी या नहीं। फिलहाल, गाड़ी समेत घायल पीजीआई में हंै। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले जीरकपुर के भबात गांव के मुशताक की बराड़ा के नजदीक मोनू राणा ग्रुप ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।