मुंबई. लोकसभा चुनाव में मिली सफलता से उत्साहित भाजपा अब विधानसभा चुनाव में भी मोदी युवा शक्ति अभियान चलाएगी। पार्टी मुंबई के कॉलेजों में मोदी युवा शक्ति अभियान के माध्यम युवा संवाद का आयोजन करेगी। युवा संवाद में सीधे विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा। पार्टी मुंबई के 50 कॉलेजों में युवा संवाद अभियान चलाएगी। इसके माध्यम से 50 हजार विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता माधव भंडारी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी ने मोदी युवा शक्ति अभियान चलाने का फैसला लिया था। इस अभियान को भारी सफलता मिली। इसे देखते हुए विधानसभा चुनाव से पहले कॉलेजों के विद्यार्थियों तक जुडऩे के लिए युवा संवाद अभियान चलाने का फैसला लिया गया है। विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी सरकार की युवाओं के लिए चलाई जा रही नीतियों के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने बताया कि युवा संवाद में विद्यार्थियों को मतदान के लिए जागरूक किया जाएगा।
पार्टी के घोषणा पत्र के लिए विद्यार्थियों से राय मांगी जाएगी। इसके बाद विद्यार्थियों के मुद्दों को घोषणा पत्र में शामिल जाएगा। भंडारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी युवा शक्ति की टीम ने अलग - अलग कार्यक्रम किया था। जैसे चाय पर चर्चा। 40 कॉलेजों में चाय पर चर्चा का आयोजन किया था। इससे 22 हजार विद्यार्थी जुड़े थे। विधानसभा चुनाव में इस अभियान को सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान को दो चरणों में चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत एक सप्ताह के भीतर हो जाएगी। अभियान से जुड़े एक विद्यार्थी ने बताया कि इसका उद्देश्य मतदान का प्रतिशत बढ़ाना और युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करना है। लोकसभा चुनाव में मुंबई में मतदान का प्रतिशत बढ़ा। इसमें युवाओं की खासी भागीदारी रही। इसको देखते हुए अब विधानसभा चुनाव में भी विद्यार्थियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के पहले चरण में मुंबई के कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को लोकतंत्र का महत्व समझाया जाएगा।
उनको बताया जाएगा कि चुनाव में मतदान करके लोकतांत्रिक प्रणाली का हिस्सा बना जा सकता है। अलग- अलग टीम विद्यार्थियों में मतदान के लिए जागरूगता फैलाने का काम करेगी। नाटकों के जरिये प्रबोधन किया जाएगा। इसके दूसरे चरण में विद्यार्थियों को शपथ पत्र दिया जाएगा। विद्यार्थियों को शपथ पत्र को अपने परिवार वालों भराकर लाना होगा। शपथ पत्र में यह लिखा होगा कि मैं भविष्य में मतदान करूंगा। साथ ही अपने परिवार वालों के अलावा जानने पहचानने वालों को वोट के लिए प्रेरित करूंगा। अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोडऩे के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया जाएगा।
फोटो- भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता माधव भंडारी