मुंबई. मनी लाॅन्ड्रिंग के आरोपों में घिरे वरिष्ठ राकांपा नेता छगन भुजबल की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। भुजबल के खिलाफ मोर्चा खोल चुके भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने गुरुवार को भुजबल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में एक और शिकायत की है।
सोमैया ने भुजबल पर झूठ बोलकर फर्जी तरीके से पैसा विदेश भेजने का आरोप लगाया है। सोमैया के मुताबिक भुजबल ने अपनी बिजली कंपनी के लिए कोयले की खान खरीदने के बहाने पैसा इंडोनेशिया भेजा, जबकि उन्होंने वहां कोई खान नहीं खरीदी।
विदेश भेजे गए पैसे वापस भी नहीं आए। सोमैया के मुताबिक भुजबल के पास कोई बिजली कंपनी भी नहीं है। सोमैया ने कहा कि भुजबल ने फेमा कानून का उल्लंघन किया है । इसलिए उन्होंने ईडी से मामले में शिकायत की है।
अपने ही बयान से फंसे भुजबल : हाल में ही में भुजबल ने मीडिया के सामने सफाई देते हुए कहा था कि वे बिजली कंपनी के लिए इंडोनेशिया में खान खरीदना चाहते थे। भुजबल के इसी बयान को आधार बनाकर सोमैया ने उनके खिलाफ ईडी में शिकायत की है।