मुंबई. हम पिछले 100 वर्षों में जो नहीं कर सके, उसे करने का वक्त अब आ गया है। अभी टेक्सटाइल के वैश्विक बाजार में चीन का बोलबाला है। लेकिन हमारे पास इस बाजार पर कब्जा जमाने की क्षमता है।
फिलहाल हम महाराष्ट्र में पैदा होने वाले 30 फीसदी कपास का ही इस्तेमाल कर पा रहे हैं। इस स्थिति को बदलना होगा। यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कही।
फडणवीस रविवार को ‘मेक इन इंडिया वीक’ के दौरान ‘महाराष्ट्र में वस्त्रोद्योग’ विषयक सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। सेमिनार में वस्त्रोद्योग मंत्री चंद्रकांत पाटील, उद्योगमंत्री सुभाष देसाई के अलावा टेक्सटाइल इंडस्ट्री से जुड़े उद्योगपति व अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
अमरावती में रेमंड यूनिट से 20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरावती के नादगांव में पहले से ही एमआईडीसी थी, लेकिन वहां कोई उद्योग लगाने को तैयार नहीं होता था। पूरी जमीन खाली पड़ी थी। लेकिन वहां टेक्सटाइल पार्क शुरू किए जाने के बाद उद्योगपति वहां जमीन के लिए लाइन लगाए खड़े हैं। यहां लगने जा रहे रेमंड इंडस्ट्री की यूनिट से प्रत्यक्ष रूप से 10 हजार और अपरोक्ष रूप से 10 हजार यानी कुल 20 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। प्रदेश में शुरू किए जाने वाले टेक्सटाइल पार्क में सरकार सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।