मुंबई. महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के ठाणे शहर अध्यक्ष अविनाश जाधव ने इशरत जहां के नाम पर चलाई जा रही एंबुलेंस को जलाने की चेतावनी दी है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि मनसे कार्यकर्ता को जहां एंबुलेंस दिखेगी वहीं जला दी जाएगी।
पिछले दिनों मुंबई हमले के आरोपी हेडली ने अपनी गवाही में कहा था कि इशरत जहां आतंकी थी और वह गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की योजना में शामिल थी।
गौरतलब है कि 15 जून 2004 को गुजरात पुलिस ने इशरत जहां और उसके चार साथियों को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया था। इशरत का परिवार ठाणे जिले के मुंब्रा में रहता है।
बाद में इशरत जहां एनकाउंटर को फर्जी मानते हुए सीबीआई ने इसमें शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
उसके बाद स्थानीय राकांपा विधायक जीतेंद्र आव्हाड ने इशरत को शहीद साबित करने की कोशिश की थी।
मुंब्रा में इशरत के नाम पर एक एंबुलेंस भी चलाई जाती है, जिस पर शहीद इशरत जहां लिखा है। मनसे नेता ने कहा कि हेडली की गवाही के बाद साबित हो गया है कि इशरत आतंकी थी।
इस लिए उसको शहीद बताते हुए, उसके नाम पर एंबुलेंस बर्दास्त नहीं किया जा सकता। हेडली की गवाही के बाद से इस एंबुलेंस के ड्राईवर वशीम कुरेशी को लगातार धमकी भरे फोन आ रहे हैं।