पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पिंक सिटी की तर्ज पर नागपुर बनेगा आॅरेंज सिटी, जानिए कैसे होगी पहल

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नागपुर. संतरानगरी नागपुर को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाने के लिए अब शहर भी तैयार है। दैनिक भास्कर द्वारा शुरू की गई पहल पर मनपा ने अपनी मुहर लगाई है। नागपुर महानगरपालिका ने शुक्रवार को अपनी आमसभा में प्रस्ताव पारित कर नागपुर को संतरे के रंग में रंगने की सार्थक पहल की है। सत्तापक्ष-विपक्ष ने इस प्रस्ताव को एकमत से पारित किया है।
आगामी मनपा बजट में इस संबंध में राशि प्रावधान का भी विश्वास दिलाया गया है। मनपा सभागृह की इस पहल पर मुहर लगने से अब शहर को एक नया स्वरूप मिलने की उम्मीद जगी है। शहर में हर जगह नारंगी रंग की झलक मिलेगी। जानकारों ने बताया कि यह पहला मौका है, जब शहर को संतरे का रंग देने संबंधी कोई प्रस्ताव पारित किया गया है।
सार्थक सहयोग की अपील : आमसभा में महापौर प्रवीण दटके की पहल पर यह प्रस्ताव रखा गया। निगम सचिव हरीश दुबे ने प्रस्ताव का वाचन किया। प्रस्ताव अनुसार (शब्द दर शब्द) नागपुर नगरी संतरानगरी के रूप में विश्व विख्यात है। देश में जिस प्रकार जयपुर गुलाबी नगरी के रूप में प्रख्यात है, अब संतरा नगरी भी संतरे के रंग में रंग जाए, तो यह सार्थक पहल होगी।
संतरे के नारंगी रंग से इस शहर को अलौकिक करने का प्रस्ताव सर्वानुमति से पारित करें। नागरिकों को एवं जन संगठनों के सहयोग से इसे सार्थक करें। आज (शुक्रवार) वसंत पंचमी है। संपूर्ण शहर वासंती रंग में नव ऊर्जा प्रदान कर यह निर्णय मंजूर करे। प्रस्ताव पर सत्तापक्ष नेता दयाशंकर तिवारी सूचक बने। प्रतिपक्ष नेता विकास ठाकरे, बसपा गटनेता गौतम पाटील, राकांपा गटनेता राजू नागुलवार, नगरसेवक नरेंद्र बोरकर, नगरसेविका नीता ठाकरे, भारिप-बहुजन महासंघ गटनेता राहुल लोखंडे, बरिएमं गटनेता राहुल तेलंग, शिक्षण सभापति गोपाल बोहरे ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। महापौर प्रवीण दटके ने इस प्रस्ताव को सर्वानुमते मंजूर किया।
साथ लेकर काम करेंगे : महापौर
महापौर प्रवीण दटके ने बताया कि नारंगी रंग से शहर में नई ऊर्जा आएगी। आज (शुक्रवार) वसंत पंचमी का दिन है। यह रंग वासंती रंग से संबंधित है। शहर की ब्रांडिंग होनी चाहिए। इसके लिए जन संगठनों सहित नागरिकों को साथ में लेकर काम करेंगे। सभी को विश्वास में लिया जाएगा। योजना पर सख्ती नहीं ऐच्छिक होगी। आगामी दिनों में योजना तैयार कर काम शुरू किया जाएगा।
इस तरह की होगी पहल
-शहर में मनपा कार्यालयों की सुरक्षा दीवार और शालाओं को नारंगी रंग दिया जाएगा।
-राज्य और केंद्र सरकार की कम्पाउंड वॉल को संतरे का रंग देने की पहल होगी।
-आवश्यकता पड़ने पर इसके लिए राज्य और केंद्र सरकार से भी अनुमति ली जाएगी।
-मेट्रो रेल प्रकल्प अंतर्गत बनने वाली 14 किमी दीवार को भी यह रंग दिया जा सकता है।
-शहर बस सेवा और अन्य परिवहन सेवाओं में भी संतरानगरी के लोगो का इस्तेमाल किया जाएगा।
-व्यापारिक दुकानों के शटर में संतरा प्रतिबिंबित हो, इसका प्रयास किया जाएगा।
-साइन बोर्ड या विज्ञापनों के बैक-ग्राउंड में ऑरेंज दिखे, इस ओर ध्यान दिया जाएगा।
-स्थानीय निकाय स्तर पर होने वाले कामों के लिए आगामी बजट में प्रावधान भी किया जाएगा।
-जनसंगठन और नागरिकों की सहायता ली जाएगी।
-सिर्फ रंग नहीं तो संतरा व दो रंगो का भी कॉम्बिनेशन हो, इसका प्रयास किया जाएगा।
खबरें और भी हैं...