नागपुर. अब अस्पतालों में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। अस्पताल में मरीजों की देखभाल करने वाले कर्मचारी ही अब महिलाओं पर बुरी नजर डालने लगे हैं। सोमवारीपेठ स्थित राज्य कर्मचारी बीमा योजना अस्पताल में एक ऐसी ही घटना सामने आई। नशे में धुत एक कर्मचारी ने शुक्रवार की रात को लाइट बंद कर मरीज की पत्नी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
महिला द्वारा शोर मचाने पर मरीज और उनके परिजनों ने कर्मचारी को पकड़ लिया और 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुलाया, लेकिन पुलिस मामला रफा-दफा कर चली गई। अस्पताल प्रबंधन द्वारा घटना की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्णय के बाद कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 फरवरी की रात करीब 11 बजे नशे में धुत अस्पताल का एक कर्मचारी वार्ड क्रमांक 1 पहुंचा। उसने वार्ड की लाइट बंद कर दी। इसके कुछ देर बाद कर्मचारी ने नाइट लैम्प जलाई। रात करीब 11.30 बजे वह अस्पतला में भर्ती एक मरीज की पत्नी के बिस्तर पर जा पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
महिला ने इसका प्रतिरोध करते हुए शोर मचाया, तो आस-पास के मरीज और कर्मचारी जमा हो गए। कर्मचारी की करतूत की जानकारी जब महिला ने लोगों को बताई, तो सभी ने मिलकर उसे पकड़ लिया और पुलिस को फोन पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही अस्पताल के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। महिला के पति ने डर के कारण इसकी शिकायत नहीं की, जिसकी वजह से मोटर साइकिल से आए दो पुलिस कर्मियों ने मामला वहीं निपटा दिया।
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन ने कर्मचारी को दो दिन के अवकाश पर भेज दिया और मामले की जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है। चार माह से कर्मचारी अस्पताल में कार्यरत है। घटना को लेकर अस्पताल के कर्मचारियों, मरीजों एवं अन्य लोगांे से पूछताछ की गई।
अधिकारियों के निर्देश के बाद होगी कार्रवाई
घटना के बाद संबंधित कर्मचारी को 2 दिन के अवकाश पर भेज दिया गया है। मामले की जांच कर इस संबंध में सभी से पूछताछ की गई। जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है। उनके निर्देश के बाद कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. मीना देशमुख, अधीक्षक, राज्य कर्मचारी बीमा योजना अस्पताल