मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता
आमिर खान को एआईबी रोस्ट कार्यक्रम अच्छा नहीं लगा है। खान का मानना है कि यह शो मजेदार नहीं था बल्कि भावनात्मक रूप से हिंसात्मक था। उन्होंने कहा कि अगर इसमें किसी भी तरह के कानून का उल्लंघन किया गया है तो इसमें शामिल लोगों को इसके परिणामों का सामना करना चाहिए। आमिर ने पिछले दिनों मुंबई के एक स्टेडियम में आयोजत इस विवादित शो के सिर्फ दो क्लिप देखे । उनका कहना है कि उन्होंने इसे बहुत ही विचलित करने वाला पाया ।
इसके लिए उन्होंने दोस्तों करण जौहर,
अर्जुन कपूर को डांट लगायी थी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हिंसक था। हिंसा का अर्थ सिर्फ खुनखराबा नहीं होता बल्कि यदि आप किसी को अपमानित करते हो तो यह भी एक तरह की हिंसा है। इसको लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका भी दायर हो चुकी है। जिस पर इन दिनों सुनवाई चल रही है। फिलहाल अदालत ने इस मामले में मुंबई पुलिस आयुक्त, राज्य सरकार सहित केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
माफी मांगें एआईबी के आयोजक
हिन्दू जनजागृति समिति ने विवादित एआईबी शो के आयोजकों से पूरे देश से माफी मांगने के लिए कहा है। बुधवार को हिन्दू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता रमेश शिंदे ने एआईबी शो के आयोजकों पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।