मुंबई | महानगर में एक अभिनेत्री से मारपीट की घटना सामने आई है। मारपीट का आरोप जिस शख्स पर लगा है व्यापारी है। हैरानी की बात ये है कि बीच सड़क पर आरोपी अपने ड्राइवर के साथ अभिनेत्री को पीटता रहा लेकिन उसकी मदद के लिए कोई नहीं आया। 10 मिनट बाद मौके पर पुलिस तीनों को पुलिस स्टेशन ले गई।
पुलिस के अनुसार मधुर भंडारकर की फिल्म ट्रैफिक सिग्नल और जरा संभल में काम कर चुकी अभिनेत्री योगिता दांडेकर दो दिन पहले अपने जुहू स्थित घर की ओर जा रही थी। आरोपी व्यापारी हंसराज सुराना की गाड़ी उनके आगे थी। गाड़ी सुराना का ड्राइवर कृष्ण कुमार चला रहा था। सुराना का कहना था कि योगिता की गाड़ी ने उनकी गाड़ी को पीछे से ठोकर मार दी।
हालांकि योगिता इससे इनकार कर रही है। योगिता का आरोप है कि सुराना और उसके ड्राइवर ने उनकी पिटाई की और गाड़ी से बाहर खींच लिया। इस बीच कई लोग तमाशा देख रहे थे । लेकिन कोई उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया। इस दौरान योगिता ने भी आरोपियों को तब तक जाने नहीं दिया जब तक वहां पुलिस की एक टीम नहीं पहुंच गई।
सांताक्रूज पुलिस ने आरोपी व्यापारी हंसराज सुराना और उसके ड्राइवर कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस हिरासत में भेजा गया था जहां से वे जमानत हासिल करने में कामयाब हो गए।