नाशिक. विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर सभी दलों में अनिश्चितता का माहौल है, लेकिन जिले के तीन नेता पुत्र अपने पिता का टिकट काटकर खुद चुनाव अखाड़े में उतरने के लिए व्याकुल हैं। अन्य नेता पुत्र अपने पिता की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए कदम आगे बढ़ा रहे हैं। इससे मतदाताओं में भारी उत्सुकता है।
शिवसेना के विधायक बबन घोलप पर चुनाव लडऩे पर न्यायालय प्रतिबंध लगा है। घोलप की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए पुत्र योगेश घोलप आगे बढ़ रहे हैं। योगेश ने शिवसेना से देवलाली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से टिकट की मांग की है। पिता का मातोश्री में वजन है। योगेश को टिकट मिलने की पूरी संभावना है।
पूर्व मंत्री व कुछ दिन राष्ट्रवादी कांग्रेस में रहकर भाजपा में लौटे डा. दौलतराव अहेर के पुत्र भाजपा नगरसेवक राहुल अहेर ने चांदवड-देवला विधानसभा सीट से चुनाव लडऩे की घोषणा की है। पूर्व मंत्री प्रशांत हिरे के पुत्र अद्वय हिरे पालकमंत्री छगन भुजबल के पुत्र विधायक पंकज भुजबल के खिलाफ नांदगाव निर्वाचन क्षेत्र में महायुति के माध्यम से चुनावी अखाड़े में उतरने का जोरदार प्रयास कर रहे हैं।
पिछले चुनाव में सिन्नर से शिवसेना की टिकट पर चुनाव लड़ चुके प्रकाश वाजे के पुत्र राजाभाऊ वाजे चुनावी अखाड़े में उतरने को उत्सुक हैं। येवला से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ चुके मारोतीराव पवार परिवार के संभाजी पवार कुछ दिन पूर्व शिवबंधन में बंधे। अब संभाजी येवला से पालकमंत्री छागन भुजबल को चुनौती देने के मूड में है। निफाड़ से पूर्व सांसद वसंतराव पवार की पुत्री अमृता पवार चुनाव लडऩे को उत्सुक हैं। अमृता ने टिकट के लिए साक्षात्कार की प्रकिया पूरी कर ली है। मालेगांव मध्य से जनता दल के नेता तथा पूर्व मंत्री निहाल अहमद के पुत्र इकबाल बुलंद ने चुनावी अखाड़े में उतरने का निर्णय लिया है। इकबाल जनता दल के उम्मीदवार होंगे। मालेगांव मध्य से ही पूर्व विधायक रशीद शेख तथा वर्तमान महापौर ताहेरा शेख के पुत्र आसिफ शेख ने कांग्रेस से टिकट मांगी है।
टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। भाजपा सांसद हरिश्चंद्र चव्हाण कलवण चुनाव क्षेत्र भाजपा के लिए छोडऩे का पार्टी पर दबाव बना रहे हैं, ताकि पुत्र समीर चव्हाण यहां से चुनावी अखाड़े में उतर सके। पूर्व केंद्रीय गृहराज्य मंत्री माणिकराव गावित की पुत्री निर्मला गावित दूसरी बार इगतपुरी-त्र्यंबकेश्वर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे के लिए तैयार हैं, लेकिन प्रमुख विरोधी शिवसेना से मिलने के कारण उनकी चुनौती बढ़ गई है। श्री गावित ने अपने संपर्क के माध्यम से पुत्री के लिए मदद करने की कवायद शुरू कर दी है।
भाई मैदान में उतरने को आतुर
बागलाण निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लडऩे के लिए केवल राकांपा में परिवारवाद नहीं है, बल्कि भाजपा के वर्तमान विधायक उमाजी बोरसे के परिवार में भी सीट को लेकर खींचातानी जारी है। इस सीट से विधायक बोरसे के भाई दिलीप बोरसे चुनाव लडऩे के इच्छुक हैं।
पिता-पुत्र दावेदार
कलवण चुनाव क्षेत्र से राकांपा के वरिष्ठ नेता विधायक अर्जुन पवार ने चुनाव लडऩे की इच्छा जताई है, लेकिन उनके पुत्र तथा जिला परिषद अध्यक्ष जयश्री पवार के पति नितिन पवार ने राकांपा से ही कलवण सीट पर दावा ठोंका है। नितिन ने साक्षात्कार भी दिया है। विधायक पवार के दूसरे पुत्र प्रवीण पवार बागलाण निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं।
कलवण-सुरगाणा विधानसभा सीट पर पिछले दस वर्षों से माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का प्रभाव रहा है। यहां से चुनाव लडऩे के लिए पूर्व विधायक जीवा पांडु गावित एकमात्र दावेदार थे, लेकिन अब उनके पुत्र इंद्रजीत जीवा गावित इस निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लडऩे को उत्सुक हैं।
नाशिक पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से विधायक एड. उत्तमराव ढिकले के पुत्र तथा महानगर पालिका स्थायी समिति अध्यक्ष राहुल ढिकले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से चुनाव लडऩे के इच्छुक हैं, लेकिन अब तक पिता या पुत्र कौन चुनाव लड़ेगा इसका निर्णय नहीं हो सका है।