पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Demolition After Inflammatory Statements Of Raj Thackeray In Maharashtra

राज के भड़काऊ बयान से तोड़फोड़, मनसे कार्यकताओं ने मचाया उत्पात

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नागपुर/मुंबई/पुणे/अमरावती/चंद्रपुर। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने कहा है कि ‘महाराष्ट्र में लोग टोल प्लाजा पर एक रुपया भी न दें। यदि कोई विरोध करे तो उसे तोड़ दें।’ राज का फरमान होते ही मनसे कार्यकर्ताओं ने राज्य के कई टोल बूथों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने पार्टी के कई बड़े नेताओं को हिरासत में लिया है। कांग्रेस और राकांपा नेताओं ने मनसे के इस कदम की कड़ी आलोचना करते हुए राज ठाकरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने नई सड़कों के निर्माण के लिए टोल को जरूरी बताते हुए इसे खत्म करना अव्यवहारिक करार दिया है।
नवी मुंबई में रविवार रात को राज ने कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित किया। राज ने कहा ‘कानून के तहत जो हो सकता था, हमने किया। कोर्ट भी गए। लेकिन वहां तो पुरानी ही फिल्म- ‘तारीख पर तारीख’ चल रही है। यदि टोल बूथ पर टोल देने से इनकार करने पर ट्रैफिक जाम होता है तो परवाह मत करो। किसी भी समस्या से घबराने की जरूरत नहीं है।’ इसके कुछ ही घंटे बाद मनसे के कार्यकर्ता सड़कों पर आ गए। छह से ज्यादा बूथ तो सिर्फ ठाणे में तोड़े गए। नागपुर, वाशी, कल्याण, दहिसर, पुणे, ऐरोली, नाशिक और औरंगाबाद में भी टोल बूथ में तोड़फोड़ हुई। पुलिस ने मनसे विधायक प्रवीण दरेकर, शालिनी ठाकरे, संजय घाड़ी और पार्षद रूपाली पाटील समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
टोल नाकों की सुरक्षा बढ़ाई गई
राज्य के सभी टोल नाकों पर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मनसे कार्यकर्ताओं ने राज्य के करीब नौ टोल नाकों पर तोड़फोड़ की है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। टोल नाकों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से उत्पात मचानेवालों की पहचान कर उनकी धरपकड़ की कोशिश जारी है। मामले पर राजनीति गरमाने के बाद पुलिस भी काफी सख्ती बरत रही है।
नागपुर के दाभा और वानाडोंगरी टोल नाके पर भी तोड़फोड़
मनसे कार्यकर्ताओं ने रविवार की रात से ही नागपुर के दाभा और वानाडोंगरी हिंगना टोल नाकों पर जमकर उत्पात मचाया। कार्यकर्ताओं ने दाभा टोल नाके के कम्प्यूटर कक्ष में आग लगा दी। टोल नाकों पर तैनात कर्मचारियों की पिटाई भी की गई। उत्पात के बाद पुलिस का बंदोबस्त लगा दिया गया है। दाभा के टोल नाके पर आगजनी करने वाले 8 अज्ञात आरोपियों पर गिट्टीखदान पुलिस ने मामला दर्ज किया गया है। मनसे के जिला अध्यक्ष किशोर सरायकर और मनीष देशमुख के नेतृत्व में टोल नाकों पर हंगामा किया गया। मनसे के पूर्व विदर्भ संगठक हेमंत गडकरी का कहना है कि अवैध रूप से चल रहे टोल नाकों को बंद कर दिया जाना चाहिए। समयावधि समाप्त होने के बाद भी नागरिकों से टोल नाकों पर अवैध वसूली की जा रही है।
मियाद खत्म होने पर भी चल रही है वसूली : शहर के कुछ टोल नाकों की समयावधि समाप्त होने के बाद भी अवैध वसूली की जा रही है। चर्चा है कि उमरेड रोड पर टोल नाके की समयावधि समाप्त हो चुकी है। बावजूद इसके वसूली जारी है। यह नाका एक बदमाश संचालित करता है, इसलिए नाके पर अब भी वसूली चल रही है। इस नाके पर इससे पहले मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं।
अमरावती से 12 गिरफ्तार
मनसे कार्यकर्ताओं ने अमरावती के नांदगांवपेठ तथा चंद्रपुर जिले के वरोरा शहर टोल नाके पर जमकर तोड़फोड़ की। इस संबंध में पुलिस ने अमरावती से 12 तथा वरोरा से 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लिया तथा बाद में रिहा कर दिया।
कोल्हापुर में फिर भड़क सकता है आंदोलन : आईआरबी कंपनी द्वारा फिर से टोल वसूली शुरू करने के निर्णय के खिलाफ कोल्हापुर में आंदोलन फिर एक बार भड़क सकता है। कंपनी द्वारा सोमवार को कहा गया है कि टोल वसूली फिर से शुरू की जाएगी। इस बात की भनक लगते ही टोल विरोधी कृति समिति सक्रिय हो गई है।