मुंबई. दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के तीन दिन बाद भी पूर्व मंत्री लक्ष्मणराव ढोबले की गिरफ्तारी तो दूर पुलिस उनसे पूछताछ तक नहीं कर पाई है। आलाअधिकारियों का कहना है कि तथ्यों की जांच हो रही है। ढोबले के खिलाफ सबूत मिलने के बाद ही उनसे पूछताछ या गिरफ्तारी होगी। ढोबले के खिलाफ एक शिक्षा संस्थान की लिपिक ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। ढोबले इस संस्थान के ट्रस्टियों में से एक हैं। जोन 11 के पुलिस उपायुक्त बालसिंह राजपूत का कहना है कि पुलिस ढोबले के खिलाफ लगे आरोपों की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस की टीम उस जगह की छानबीन कर चुकी है जहां ढोबले ने कथित तौर पर महिला से दुष्कर्म किया। राजपूत ने बताया कि मामले में छानबीन चल रही है। सबूत सामने आने के बाद ढोबले से पूछताछ या गिरफ्तारी पर फैसला होगा। पुलिस दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला की मेडिकल रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है। बोरिवली पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के मुताबिक 45 वर्षीय महिला को ढोबले ने अपने ऑफिस में बुलाया और मारपीट कर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि ढोबले ने 2011 से 2013 के बीच कई बार दुष्कर्म के अलावा उसकी अश्लील तस्वीरें भी खींची थी।
फंसाने की कोशिश: ढोबले
ढोबले ने आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया है कि महिला के खिलाफ वित्तीय अनियमितता के आरोप हैं इसीलिए वह उन्हें फंसाने की कोशिश कर रही है।