नाशिक. विधानसभा चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के इच्छुक उम्मीदवारों की भागदौड़ शुरू हो गई है। जिले के 15 विधानसभा क्षेत्रों की व्यूहरचना बनानेे के लिए राजनीतिक दलों के नेताओं ने बैठक आयोजित करने के संकेत दिए हैं। आघाड़ी तथा महायुति की अब तक सीट बंटवारे को लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन इच्छुकों ने सोशल मीडिया और खास कार्यकर्ताओं के माध्यम से स्वयं को उम्मीदवार घोषित करते हुए गुप्त प्रचार शुरू कर दिया है जिसके कारण आचारसंहिता के पहले दिन से चुनावी रंग जिले में देखने को मिल रहा है।
जिले के 15 चुनाव क्षेत्र के इच्छुक उम्मीदवारों ने अपने पुराने अनुभव को देखते हुए चुनाव के माहौल में कार्यकर्ताओं की कमी महसूस नहीं हो इसलिए अभी से रातों की पार्र्टी शुरू कर दी है। मतदाताओं से मेलजोल बढ़ा दिया है। दूसरी ओर राजनीतिक दलों ने चुनावों को देखते हुए संभावित कद्दावर उमीदवारों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
नांदगाव से राकांपा के पंकज भुजबल, मालेगाव मध्य से जनसुराज्य शक्ति के मुफ्ती मोहम्मद इस्माइल खालिद, मालेगाव बाह्य से शिवसेना के दादा भुसे, बागलाण से भाजपा के उमाजी बोरसे, कलवण से राकांपा अर्जुन पवार, चांदवड़ से निर्दलीय शिरीष कोतवाल, येवला से राकांपा के छगन भुजबल, सिन्नर से कांग्रेस के माणिकराव कोकाटे, निफाड़ से शिवसेना के अनिल कदम, दिंडोरी से शिवसेना के धनराज महाले, नाशिक पूर्व से मनसे के एड. उत्तमराव ढिकले, नाशिक मध्य से मनसे के वसंत गीते, नाशिक पश्चिम से मनसे के नितिन भोसले, देवलाली से शिवसेना के बबन घोलप, इगतपुरी से कांग्रेस की निर्मला गावित विधायक हैं।