मुंबई. महानगर के होटल और पब में एक बार फिर हुक्का पार्लर शुरू होंगे। सुप्रीमकोर्ट ने हुक्का पार्लरों से पाबंदी हटा ली है।अब स्मोकिंग जोन में लोगों को हुक्का परोसा जा सकता है। मुंबई महानगर पालिका ने होटलों में हुक्का लगाने पर पाबंदी लगाते हुए एक अध्यादेश जारी किया था। इसके खिलाफ हुक्का पार्लर एसोसिएशन ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
हाईकोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए मुंबई महानगर पालिका के फैसले को सही ठहराया था। बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ हुक्का पार्लर एसोसिएशन ने सुप्रीमकोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर सुनवाई करते हुए सुप्रीमकोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार और मनपा से सवाल किया कि अगर होटलों में सिगरेट पीने पर पाबंदी नहीं है तो हुक्का पीने पर पाबंदी क्यों है।
अपने फैसले में अदालत नेे कहा कि अगर होटल धूम्रपान संबंधी सभी नियमों का पालन करते हैं तो हुक्का पर पाबंदी नहीं लगाई जानी चाहिए। सुप्रीमकोर्ट के इस फैसले के बाद पुलिस की परेशानी बढ़ सकती है क्योंकि हुक्का पार्लरों में जाने वाले अक्सर कॉलेज में पढऩे वाले युवा होते हैं।