पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

आतंकी संगठन ISIS में शामिल होकर लौटा आरिफ मजीद NIA की हिरासत में

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुंबई. आतंकी संगठन आईएसआईएस में शामिल होकर लौटे कल्याण के अरीब (आरिफ) मजीद को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे 22 दिसंबर तक एनआईए की हिरासत में भेज दिया गया। एनआईए की पूछताछ में उसने खुलासा किया है कि आतंकी संगठन ने उसे आत्मघाती हमलावर के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया था। मजीद ने एनआईए को बताया है कि सीरियाई सेना के खिलाफ उसे आत्मघाती हमलावर के रूप में इस्तेमाल किया गया था। लेकिन उसका हमला नाकाम रहा। मजीद ने खुलासा किया है कि आईएसआईएस ने उसे आत्मघाती हमले के लिए बकायदा ट्रेनिंग दी थी।
अब तक वह कहता रहा कि उसे सड़क बनाने और घर बनाने जैसे कामों के लिए इस्तेमाल किया जाता था। वह मोसूल बांध बनाने के काम में भी शामिल था। वापस लौटने के बाद एनआईए ने उसके खिलाफ यूएपीए कानून के तहत आतंकी हमले की साजिश रचने और प्रतिबंधित आतंकी संगठन का हिस्सा बनने के आरोप के अलावा आईपीसी की धारा 125 के तहत देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था।

एनआईए की पूछताछ में यह बात साफ हुई कि मजीद को आईएसआईएस में शामिल होने का कोई अफसोस नहीं है और मौका मिलने पर वह दोबारा आतंकी संगठन का हिस्सा बनना चाहता है। मजीद सिर्फ परिवार के दबाव के चलते वापस लौटा है। इराक जाने के मामले में मजीद अब भी अपने इस दावे पर कायम है कि उसे इंटरनेट चैटिंग के जरिए ही आईएसआईएस में शामिल होने के लिए तैयार किया गया।