पुणे. राज्य के वित्त तथा नियोजन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने बुधवार को यहां कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राज्य से लोकल बॉडी टैक्स (एलबीटी) रद्द करने की बात कही थी। भाजपा अपने शब्द पर कायम है, हम राज्य से एलबीटी रद्द करके ही रहेंगे। बुधवार को मुनगंटीवार की अध्यक्षता में पुणे, सातारा, सांगली, कोल्हापुर तथा सोलापुर जिलों की जिला वार्षिक योजना की बैठक हुई।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुनगंटीवार ने कहा कि भाजपा ने एलबीटी रद्द करने की बात कही थी , वह इसे पूरा करेगी। कोई भी निर्णय लिया गया है तो उसके कार्यान्वयन के लिए कुछ समय लगता है। एलबीटी के लिए भी विकल्प निकाला गया है। इस बारे में अभी जानकारी देना उचित नहीं होगा।
अधिकारों का वितरण जल्द : केसरकर
बैठक में मौजूद शिवसेना के मंत्री तथा वित्त एवं नियोजन विभाग के राज्यमंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि मुनगंटीवार के साथ काम करने का मेरा अनुभव अच्छा है। लेकिन जो आरोप लग रहे हैं कि उसका कारण अब तक कैबिनेट तथा राज्यमंत्रियों के अधिकारों का वितरण नहीं हुआ हैं। अगले आठ दिनों में भाजपा-शिवसेना की समन्वय समिति गठित होगी। इसमें अधिकारों के वितरण को लेकर चर्चा की जाएगी।
एक बार अधिकारों का वितरण हो गया तो सब ठीक हो जाएगा। गौरतलब है कि अधिकारों के वितरण को लेकर मंगलवार को यवतमाल से शिवसेना के विधायक संजय राठौड़ ने पद से इस्तीफा दे दिया था।