मुंबई. आजाद मैदान पुलिस ने कंट्रोलरूम में फोन कर महिला पुलिसकर्मियों से अश्लील बात करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पुलिसकर्मियों से गालीगलौज भी करता था। छह फरवरी को ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने आला अधिकारियों से इसकी शिकायत की थी इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को धर दबोचा। मोहम्मद शेख नाम का आरोपी गोवंडी इलाके का रहने वाला है। उसने कई बार पुलिस हेल्पलाइन पर फोन कर महिलाओं से अश्लील बातें और गाली गलौज की थी। पुलिस
मोबाइल फोन के लोकेशन के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सिर्फ मजे के लिए फोन कर महिला पुलिसकर्मियों को परेशान करता था। यह कोई इकलौता मामला नहीं है। हर साल करीब 50 से 60 मामले ऐसे सामने आते हैं जब कंट्रोलरूम में फोन कर महिलाओं से अश्लील बातें और गाली गलौज की जाती है। महिला पुलिसकर्मियों की लगातार शिकायतों से परेशान पुलिस ने अब ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्ती बरतना शुरू कर दिया है।