मुंबई. देश की आर्थिक स्थिति कितने भी बुरे दौर से गुजरे, नेताओं की आमदनी कई गुना बढ़ जाती है। विधानसभा चुनाव के लिए नेताओं की ओर से दाखिल प्रतिज्ञापत्रों से साफ होता है कि पिछले पांच सालों में कई विधायकों की संपत्ति में दो से तीन गुना तक इजाफा हुआ है। महानगर के आलीशान इलाके मलाबार हिल से भाजपा के विधायक मंगलप्रभात लोढा व उनकी पत्नी की संपत्ति 2009 में 61 करोड़ रुपए थी, लेकिन पांच सालों में यह बढ़कर 203 करोड़ रुपए हो गई है। लोढ़ा का शुमार मुंबई के बड़े बिल्डरों में होता है। कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री कृपाशंकर सिंह ने भी कालिना सीट से पर्चा दाखिल कर दिया है।
कृपाशंकर सिंह पहले ही आय से अधिक संपत्ति के आरोपों से घिरे हैं। हलफनामे के मुताबिक 2009 में उनकी संपत्ति एक करोड़ साठ लाख रुपए थी जो अब बढ़कर तीन करोड़ तीस लाख रुपए हो गई है। भांडुप से मनसे विधायक शिशिर शिंदे की संपत्ति 2009 में दो करोड़ पांच हजार रुपए थी, लेकिन 2014 में बढ़कर चार करोड़ चालीस लाख रुपए हो गई है। हाल ही में प्रजा फाउंडेशन ने विधायकों का जो रिपोर्ट क ार्ड पेश किया था उसमें चारकोप से भाजपा के विधायक योगेश सागर सबसे आगे थे।
सागर की संपत्ति 2009 में 50 लाख रुपए थी जो अब बढ़कर दो करोड़ सत्तर लाख रुपए हो गई है। अणुशक्ति नगर से राकांपा विधायक नवाब मलिक की संपत्ति भी पिछले पांच सालों में लगभग दोगुनी हो गई है। 2009 में मलिक की संपत्ति एक करोड़ चालीस लाख थी जो इस साल बढ़कर दो करोड़ साठ लाख रुपए हो गई है।
नई मुंबई में दबदबा रखने वाले राष्ट्रवादी के वरिष्ठ नेता गणेश नाईक के पास 15 करोड़ की संपत्ति है। हलफनामे के मुताबिक गणेश नाईक के पास 15 करोड़ 60 लाख की संपत्ति है जबकि उनकी पत्नी एक करोड़ 85 लाख की संपत्ति है। गणेश नाईक के बेटे और ऐरोली से चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे संदीप नाईक के पास नौ करोड़ 25 लाख रुपए की संपत्ति है। संदीप नाईक की पत्नी कल्याणी के पास 15 लाख रुपए की संपत्ति है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस के सर्वेसर्वा
शरद पवार के करीबी व कलवा-मुंब्रा इलाके से पर्चा दाखिल करने वाले जितेंद्र आव्हाड के पास छह करोड़ 15 लाख रुपए संपत्ति है। इस बार दाखिल हलफनामे में आव्हाड ने स्वीकार किया है कि मुंबई की बहुचर्चित आदर्श सोसायटी में भी उनका फ्लैट है। पिछले चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे में आव्हाड ने इसका जिक्र नहीं किया था। पिछले चुनावों में आव्हाड ने 93 लाख 26 हजार 928 रुपए की चल तथा एक करोड़ 86 लाख रुपए की अचल संपत्ति घोषित की थी।