पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली/मुंबई. यूपीए के अहम सहयोगी दल एनसीपी (नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी) ने नरेंद्र मोदी का बचाव किया है। पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा है कि मोदी के बारे में न्यायिक फैसलों को स्वीकार किया जाना चाहिए। उन पर और सवाल नहीं उठने चाहिए। केंद्रीय मंत्री पटेल ने कहा, 'किसी भी मसले पर इंसाफ के लिए न्यायिक व्यवस्था ही आखिरी रास्ता है। इससे किसी भी विवाद पर विराम लग जाता है।
अगर किसी न्यायिक व्यवस्था ने कोई फैसला दिया है तो हमें उसका सम्मान करना चाहिए। उस पर आगे सवाल नहीं उठाने चाहिए।' पटेल से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मोदी के पर की गई टिप्पणी के बारे में पूछा गया था। राहुल ने पिछले दिनों एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि 2002 में गुजरात में गोधराकांड के बाद हुए दंगे मोदी की सरकार ने भड़काए थे। पटेल ने कहा, 'इंटरव्यू में कोई भी अपनी बात रख सकता है। लेकिन तथ्य यही है कि अगर कोई न्यायिक व्यवस्था किसी विवाद पर विराम लगा दे तो हमें भी उस विवाद को खत्म कर देना चाहिए।'
मोदी को नहीं दी क्लीनचिट : मलिक
पटेल के बयान पर उठे विवाद के बाद पार्टी प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा है कि पटेल ने मोदी को क्लीनचिट नहीं दी बल्कि न्यायालय के प्रति अपना आदरभाव व्यक्त किया है। पटेल ने जो बाते कहीं उससे यह साबित नहीं होता कि उन्होंने मोदी को क्लीनचिट दी है। उन्होंने न्यायालय के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की है। गुजरात दंगों में मोदी सरकार के शामिल होने की धारणा लोगों में अपने-आप नहीं बनी। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी द्वारा मोदी को राजधर्म निभाने की सलाह देने से लोगों में यह भावना पैदा हुई।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.