मुंबई. बॉम्बे हाईकोर्ट ने स्पोर्टस अथॉरिटी ऑफ इंडिया को मेरी कॉम फिल्म देखने का सुझाव दिया है। हाईकोर्ट ने यह सुझाव बैडमिंटन खिलाड़ी प्राजक्ता सावंत की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया। सावंत ने याचिका में चीफ बैडमिंटन नेशनल कोच गोपीचंद पर चयन प्रक्रिया में पक्षपात का आरोप लगाया है। मुख्य न्यायाधीश मोहित शाह व न्यायमूर्ति एमएस सोनक की खंडपीठ के समक्ष याचिका पर सुनवाई हुई।
इस दौरान सावंत की ओर से पैरवी कर रहे वकील पीयुष शाह ने कहा कि उसके मुवक्किल को मलेशिया से काउंटी खेलने के लिए बुलाया जाता है पर यहां उसकी कद्र नहीं की जाती है। यहां टीम की चयन प्रक्रिया कब पूरी हो जाती है,उसके मुवक्किल को पता ही नहीं चलता है।
इस पर खंडपीठ ने स्पोर्टस अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से पैरवी कर रहे वकील राजीव चव्हाण से कहा कि क्या आपने मेरी कॉम फिल्म देखी है? इसके बाद खंडपीठ ने उन्हें फिल्म देखने का सुझाव दिया। चव्हाण ने कहा कि उन्हें अब तक सांवत की याचिका की प्रति नहीं मिली है। दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद खंडपीठ ने मामले की सुनवाई बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी।