पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमुंबई. बालासाहेब ठाकरे बहुत बड़े नेता थे। उनका स्मारक क्यों नहीं बनाया जाना चाहिए? हमारी पार्टी के नेता नितिन गडकरी ने बांद्रा-वरली सी लिंक बनाया। उसे राजीव गांधी का नाम दे दिया गया। ठाकरे ने महाराष्ट्र और मराठी माणूस के लिए जीवनभर लड़ाई लड़ी। यदि उनके नाम का कहीं कोई स्मारक बनता है, तो उसमें गैर क्या है? इन शब्दों में
लोकसभा में भाजपा के उपनेता गोपीनाथ मुंडे ने शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे का स्मारक बनाये जाने की मांग का समर्थन किया है।
पुणे जिले से पूर्व विधायक बाबूराव पाचर्णे के भाजपा में शामिल होने के मौके पर मुंडे ने मुंबई में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि ठाकरे का स्मारक कहां बने। इस पर चर्चा हो सकती है, परंतु उन्होंने मुंबई के लिए
बहुत काम किया है। ठाकरे ने दंगों के दौरान मुंबई को बचाया। इसलिए उनका स्मारक यहां (महालक्ष्मी रेसकोर्स) बने या
फिर शिवाजी पार्क में। इस पर अलग-अलग राय हो सकती हैं किंतु हमने मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे बनाया जिसे कांग्रेस-
राकांपा गठबंधन सरकार ने यशवंतराव चव्हाण का नाम दिया।
लिहाजा यदि सड़क को यशवंतराव का नाम दिया जा सकता है। विभिन्न बड़ी योजनाओं को जवाहरलाल नेहरु, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का नाम दिया जा सकता है, तो कुछ नाम हमारे (विपक्ष) के लिए भी छोड़ा जाना चाहिए। महत्वपूर्ण है कि महालक्ष्मी स्थित रेसकोर्स की जमीन ९९ साल की लीज पर टर्फ क्लब को दी गई है। यह लीज ३१ मई को खत्म हो रही है। इसलिए शिवसेना और मुंबई के महापौर सुनील प्रभू ने रेसकोर्स की जमीन पर एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का थीम पार्क बनाने और उसे बाल ठाकरे का नाम दिये
जाने की मांग की है। जिसका अब मुंडे ने समर्थन किया है।
शिवसेना-भाजपा की समन्वय समिति गठित
मुंडे ने बताया कि मंगलवार को उन्होंने शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इस दौरान शिवसेना ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक समन्वय समिति गठित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि शिवसेना की इस मांग को भाजपा ने फौरन मान्य करते हुए अपनी ओर से प्रदेशाध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एकनाथ खडसे और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष विनोद तावडे का नाम समन्वय समिति के लिए दिया है। मुंडे ने कहा कि इस समिति में शिवसेना और रामदास आठवले की पार्टी आरपीआई के नेता भी शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि समन्वय समिति में सदस्यों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो उसमें भाजपा के और प्रतिनिधि शामिल किये जायेंगे।
मेरा पूरा ध्यान महाराष्ट्र पर : मुंडे
भाजपा नेता मुंडे ने एक सवाल के जवाब में कहा, 'मैं भले ही राष्ट्रीय नेता हूं, परंतु अब मेरा पूर्ण ध्यान व समय महाराष्ट्र पर है। आप लोग (पत्रकार) क्यों मुझे राष्ट्र में भेजना चाहते हैं? मैं महाराष्ट्र में हूं ना! आप लोग ही बतायें मैं राष्ट्र (दिल्ली) में रहूं या महाराष्ट्र में। जब पार्टी ने मुझे महाराष्ट्र में रहने को कहा है!
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.