नागपुर. नाशिक में होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारी में किसी प्रकार का विलंब नहीं हुआ है। राज्य, केंद्र और नाशिक मनपा से अब तक 989 करोड़ 04 लाख रुपए की निधि सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए उपलब्ध कराई गई है। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में एक तारांकित प्रश्न के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। राकांपा विधायक छगन भुजबल ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से यह मुद्दा उठाया था।
विधायक विजय औटी, डॉ. बालाजी किणीकर और सुनिल शिंदे ने भी इस मुद्दे पर लिखित सवाल पूछा था। मुख्यमंत्री फडणवीस ने लिखित जवाब में बताया कि महाराष्ट्र सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से अब तक 883 करोड़ 21 लाख रुपए दिए गए हैं। इसी तरह केंद्र सरकार ने 34 करोड़ 76 लाख और नासिक मनपा ने 71 करोड़ 7 लाख रुपए दिए हैं।
विभागीय आयुक्त स्तर पर सेवाग्राम विकास के काम
महात्मा गांधी के वर्धा स्थित सेवाग्राम आश्रम को 75 वर्ष पूर्ण होने से इस आश्रम व परिसर के क्षेत्र के विकास के संदर्भ में सेवाग्राम विकास प्रारूप को प्रशासकीय मंजूरी शासन के विचाराधीन होने की जानकारी नियोजन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने एक अन्य सवाल में विधानसभा में दी। उन्होंने बताया कि प्रशासकीय मंजूरी के बाद प्रारूप के काम विभागीय आयुक्त, नागपुर के स्तर पर शुरू किए जाएंगे।
91 करोड़ की निधि प्राप्त करने कानूनी कार्रवाई
एक अन्य सवाल पर ग्रामविकास मंत्री पंकजा मुंडे ने बताया कि वर्धा जिला परिषद की 91 करोड़ 37 लाख रु. की विकास निधि पिछले दो साल से वर्धा जिला मध्यवर्ती बैंक में होने की बात सही है। यह रकम प्राप्त करने के लिए विधि सलाहकारों के माध्यम से जिला प्रशासन ने कानूनी कार्र्रवाई शुरू की है। जिला बैंक में फंसी निधि प्राप्त करने के बारे में विभाग ने सचिव, सहकार विभाग को समय-समय पर सूचित किया है। डा. पंकज भोयर ने पंकजा मुंडे से जवाब मांगा।