पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमुंबई। शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे का दावा है कि इस गणतंत्र दिवस पर लाल किले से कांग्रेस के प्रधानमंत्री आखिरी बार भाषण देंगे। वैसे कांग्रेस को दी गई इस चुनौती को लेकर उद्धव के सामान्य ज्ञान पर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल गणतंत्र दिवस अर्थात 26 जनवरी को लाल किले से प्रधानमंत्री भाषण नहीं देते। प्रधानमंत्री का भाषण स्वतंत्रता दिवस यानी15 अगस्त को होता है।
महानगर के खचाखच भरे सोमैया ग्राउंड में उद्धव शिवसैनिकों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को सत्ता से उखाड़़ फेंकने का दावा किया। उद्धव ने दिवंगत शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की जयंती यानी 23 जनवरी का महत्व समझाते हुए शिवसैनिकों से 26 जनवरी के महत्व के बारे में पूछा। उन्होंने शिवसैनिकों को समझाया कि 26 जनवरी की विशेषता यह है कि गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री लाल किले से देश को संबोधित करते हैं। उद्धव ने कहा कि इस गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपना अंतिम भाषण देंगे।
यह काले पत्थर पर केशरिया लकीर है। लेकिन उद्धव के इस दावे ने उनके और उनके सलाहकारों के ज्ञान की पोल खोल दी। उद्धव ने चुनौती दी कि लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ कराए जाएं। इससे न केवल राज्य बल्कि पूरे देश से कांग्रेस-राकांपा सरकार का सफाया हो जाएगा। उद्धव के अनुसार मनमोहन सिंह जैसे अर्थशास्त्री को देश की कमान बड़ी उम्मीद के साथ सौंपी गई थी कि देश की अर्थव्यवस्था सुधरेगी। लेकिन उनके कार्यकाल में अर्थव्यवस्था की अधोगति हुई है।
उद्धव ने मनमोहन सिंह को देश का अब तक का सबसे कमजोर प्रधानमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि उनकी न केवल देश-विदेश और सरकार में बल्कि संगठन में भी कद्र नहीं है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में परिवारवाद हावी है। कांग्रेस को प्रधानमंत्री पद के लिए योग्य उमीदवार नहीं मिल रहा।
घोटाले छुपाने में व्यस्त सीएम: मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण पर हमला बोलते हुए उद्धव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के आदर्श घोटाले के बाद पृथ्वीराज को दिल्ली से राज्य में लाया गया था। इतने घोटाले हुए हैं कि मुख्यमंत्री काम को गति देने के बजाए घोटाले छुपाने में व्यस्त हैं।
कांग्रेस से डरते हैं पवार: उद्धव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार पर भी हमला बोला। उद्धव ने कहा कि पवार बार-बार कांग्रेस से गठबंधन तोडऩे की धमकी देते हैं। लेकिन वे गठबंधन नहीं तोड़ सकते। यदि उन्होंने गठंबधन तोड़ा तो घोटालों के आरोप में कांग्रेस पवार को जेल में डाल देगी।
समाज में द्वेष फैलाकर कांग्रेस लेगी वोट- उद्धव ने कहा हर बार की तरह इस चुनाव में कांग्रेस जाति-धर्म में तनाव निर्माण कर वोट हासिल करने की कोशिश करेगी। कांग्रेस सबसे बड़ी सांप्रदायिक पार्टी है। लेकिन आरोप हम पर लगाए जाते हैं। उद्धव ने कहा कि हिंदुस्तान में हिंदुओं का सम्मान होना चाहिए। यदि हिंदू कहलाना सांप्रदायिक है तो हम सांप्रदायिक हैं। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री के उस पत्र की आलोचना की जिसमें उन्होंने सभी मुख्यमंत्रियों को मुसलमानों को गिरफ्तार करने से पहले विधिवत जांच करने का निर्देश दिया था। उदधव् ने कहा कि कानून सभी जाति-धर्म के लोगों के लिए समान होना चाहिए।
शिवसैनिकों ने ली प्रतिज्ञा : शिवसैनिकों ने कलाई में शिवबंधन बांधकर संगठन के प्रति निष्ठावान रहने और कांग्रेस-राकांपा सरकार को उखाड़ फेंकने की प्रतिज्ञा ली। पहले शिवसैनिकों को ठाकरे की सीडी चलाकर शपथ दिलाई गई। उसके बाद उद्धव ने प्रतिज्ञा दिलवाई।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.