पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

राज्य के पर्यावरण मंत्री कदम बोले, 'राष्ट्रवादी कांग्रेस ने लूटा राज्य का खजाना'

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नागपुर. सत्ता में रहने के दौरान राकांपा ने सरकारी खजाने को लूट लिया है। सरकार के पास विकास के लिए निधि ही नहीं है। सिंचाई परियोजनाओं के लिए ठेकेदारो को गलत तरीके से भुगतान किया गया। इसकी जांच कर पैसे फिर से सरकारी खजाने में लाए जाने चाहिए। यह बात शिवसेना के वरिष्ठ नेता व राज्य के पर्यावरण मंत्री रामदास कदम ने कही। कदम बुधवार को सुयोग में मुंबई से आए पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सिंचाई परियोजना में घोटाला हुआ है। सरकार के पास विकास परियोजनाओं के लिए निधि ही नहीं है। बगैर निधि के पर्यटन का विकास कैसे होगा। निधि के अभाव में 40 फीसदी की कटौती की स्थिति में विकास का क्या होगा ? यह समझा जा सकता है।
शिवसेना पृथक विदर्भ के खिलाफ
शिवसेना के भाजपा के साथ सरकार में शामिल होने के बावजूद कुछ मसलों पर मतभेद है। कदम ने कहा कि पृथक विदर्भ पर शिवसेना अपने पुराने रुख पर कायम है। उन्होंने कहा कि जैतापुर परमाणु परियोजना को लेकर शिवसेना अब भी विरोध में है। बता दें कि केंद्र की भाजपा सरकार इस परियोजना के पक्ष में है। एक सवाल के जवाब में कदम ने कहा कि मतभेदों के बावजूद शिवसेना-भाजपा 25 साल पुराने मित्र दल हैं। इसलिए साथ मिलकर सरकार चलाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
लवासा मामला सीएम के पाले में
लवासा सिटी को लेकर शिवसेना राकांपा प्रमुख शरद पवार को निशाना बनाती रही है लेकिन अब सत्ता में आने के बाद सेना नेता इस बारे में ज्यादा बोलने को तैयार नहीं है। लवासा के सवाल पर पर्यावरण मंत्री ने कहा कि लवासा को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का मत महत्वपूर्ण है। केवल विरोध के लिए विरोध नहीं होना चाहिए। इस बारे में मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे।
गुजरात के टेंकरों के खिलाफ होगी कार्रवाई
राज्य के पर्यावरण मंत्री कदम ने कहा कि गुजरात से प्रदूषित केमिकल लाकर महाराष्ट्र की नदियों में गिराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। गुजरात से आने वाले इस तरह के टैंकर को वापस नहीं जाने दिया जाएगा। पिछले दिनों मुंबई के समीप उल्हासनगर की वालधुनि नदी में केमिकल कचरा डालने से सैकड़ों लोग बीमार हो गए थे। जांच में पता चला कि केमिकल नदी में गिराने वाला टैंकर गुजरात से आया था।