नागपुर. राकांपा ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पर दावा ठोका है। इसके लिए पूर्व गृह मंत्री आर. आर. पाटील को विपक्ष का नेता बनाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। राकांपा नेता अजित पवार ने कहा कि निचले सदन (विधान सभा) में कांग्रेस की अपेक्षा हमारे पास ज्यादा संख्या बल है। राकांपा नेता अजित पवार ने विधान मंडल परिसर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष राकांपा को देने की मांग करते हुए कहा कि यहां राकांपा संख्याबल में कांग्रेस से ज्यादा है। राकांपा की तरफ से पूर्व गृह मंत्री आर. आर. पाटील को विपक्ष का नेता बनाने की तैयारी चल रही है। इस संबंध में विधान सभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागडे को पत्र दिया गया है।
विधान सभा अध्यक्ष सारे नियम-कानून को देखकर ही इसका फैसला करेंगे। उन्होंने दावा किया कि राकांपा के पास कांग्रेस से ज्यादा विधायक है, इसलिए राकांपा को ही विपक्ष का नेता पद मिलना चाहिए। हमने सारी जरूरी प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब गेंद विधान सभा अध्यक्ष के पाले में है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ सदन (विधान परिषद) में भी राकांपा विधायक सर्वाधिक है। इसलिए राकांपा की तरफ से विधायक धनंजय मुंडे को नेता प्रतिपक्ष बनाने की तैयारी है। इसके लिए विधान परिषद के सभापति को पत्र भी दिया गया है।