पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपुणे. केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने शनिवार को पुणो में बताया कि देश की गुप्तचर व्यवस्था को रूस की मदद से और सक्षम बनाया जाएगा। गुप्तचर विभाग को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने रूस के खुफिया विभाग केजीबी से सहयोग लेने पर केंद्र सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।
गृहमंत्री शिंदे खेड तहसील स्थित सुदुंबरे में नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) के पांचवें बटालियन मुख्यालय परिसर में विकास कार्यो का शुभारंभ करने आए थे। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसी भी घटना की जांच के लिए देश व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुफिया तंत्रों का मजबूत होना बेहद आवश्यक है। इसकी क्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन का होना अहम है।
रूस के खुफिया विभाग केजीबी के मुख्यालय में जाकर उनकी कार्य पद्घति के बारे में जानकारी ली गई है। रूस ने भी सहयोग का आश्वासन दिया है। इसके अलावा अमेरिका की एफबीआई भी मदद को तैयार है। केजीबी और एफबीआई के सहयोग से हम अपनी गुप्तचर व्यवस्था को और बेहतर बना सकेंगे।
समारोह में शिंदे ने कहा कि देश के युवाओं में खाकी वर्दी के प्रति काफी आकर्षण है। इस आकर्षण को बरकरार रखने के लिए आर्मी और पारामिल्रिटी फोर्स की वर्दी में बदलाव लाने पर भी विचार चल रहा है। समारोह में सांसद गजानन बाबर, एनडीआरएफ के महानिदेशक डॉ. पीएम नायर तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.