मुंबई/नई दिल्ली. महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना के बीच सीटों के बंटवारे पर चल रहा गतिरोध बुधवार को दूर हो सकता है। भाजपा अध्यक्ष
अमित शाह और केंद्रीय परिवहन मंत्री नितीन गडकरी बुधवार को मुंबई पहुंच रहे हैं। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि वे शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मिलेंगे या नहीं। दोनों बड़ी पार्टियों में सीटों के बंटवारे पर फैसला नहीं हुआ है। शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने ट्वीट कर साफ कर दिया है कि वे भाजपा को 135 सीटें नहीं दे सकते। इस बीच उद्धव ने फैसले के लिए पार्टी के सभी बड़े नेताओं की बैठक बुलाई है।
जबकि भाजपा इससे कम में मानने को तैयार नहीं हैं। भाजपा और शिवसेना के बड़े नेताओं का कहना है कि बुधवार को गठबंधन पर स्थिति साफ हो जाएगी। हालांकि, महायुति के अलायंस पार्टनर आरपीआई के अध्यक्ष रामदास आठवले ने उद्धव से मुलाकात की। उन्हें बताया कि महायुति के बिना महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जीतना आसान नहीं है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस-एनसीपी को सत्ता से बेदखल करने के लिए शिवसेना-भाजपा को मिलकर चुनाव लड़ना ही होगा।
प्रदेश के भाजपा नेताओं ने की गडकरी संग बैठक
चार राज्यों के उपचुनाव के नतीजों से भाजपा खेमे में चिंता पसर गई है। लिहाजा उपचुनाव के नतीजे आने के तुरंत बाद यहां मंगलवार को महाराष्ट्र के भाजपा नेताओं ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितीन गडकरी के साथ बैठक की। गडकरी के निवास्थान पर हुई बैठक में हालांकि कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला। बैठक में निर्णय हुआ कि सीट बंटवारे और गठबंधन के मसले पर अब अमित शाह अंतिम फैसला करेंगे। नतीजों से मतदाताओं में विपरीत संदेश न जाए, इसे देखते हुए दोनों दलों के बीच टकराव दूर करने गडकरी और शाह दोनों बुधवार को मुंबई में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। गडकरी के निवासस्थान पर हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस, विनोद तावड़े, रवींद्र भुसारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय मुनगंट्टीवार मौजूद थे।