नई दिल्ली/मुंबई. संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पढ़ाई के दरम्यान लंदन स्थित जिस घर में रहते थे, उस घर को खरीदने के लिए केंद्र की हरी झंडी मिल गई है। मंगलवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और लंदन स्थित उच्चायुक्त रंजन मथाई के बीच इस मसले पर बैठक हुई। बैठक में घर खरीदने के संदर्भ में आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने बाबत निर्णय लिया गया।
बैठक मंे सामाजिक न्यायमंत्री राजकुमार बडोले भी उपस्थित थे। इस घर को खरीदने की प्रक्रिया संभवतः 14अप्रैल के पूर्व ही पूरी हो जाएगी। गौरतलब है कि डॉ. आंबेडकर के घर को खरीदने केंद्रीय स्तर से आवश्यक प्रक्रिया को निपटाने के लिए सोमवार को भी सामाजिक न्यायमंत्री राजकुमार बडोले ने केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात की थी।
बडोले ने बताया कि भारतीय उच्चायुक्त द्वारा लंदन स्थित मकान की कीमत, संपत्ति के दस्तावेजों की वैधता, इंग्लैंड में संपत्ति खरीदी करने के नियमों की जांच, वहां के सॉलिसीटर की वैधता आदि सभी बिंदुआंे की जानकारी जल्द ही वहां के उच्चायुक्त राज्य सरकार को देंगे। उन्होंने बताया कि यह जानकारी इकट्ठा करने के लिए भारतीय उच्चायुक्त द्वारा एक स्वतंत्र नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जा रहा है।