पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Tiger Hunter Caught Near Tadoba Buffer Zone

ताड़ोबा बफर जोन के पास शिकारी पकड़ाया, बाघ तस्करों से जुड़े होने का अंदेशा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चंद्रपुर. ताड़ोबा अंधारी बाघ प्रकल्प के बफर जोन से 30 किमी दूर वनविकास महामंडल के अंतर्गत आने वाले संरक्षित वनक्षेत्र में एक शिकारी को पकड़ा गया है। इसके अलावा शिकार के लिए आवश्यक सामग्री और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई है। देसी बम बनाने की सामग्री मिलने से क्षेत्र में खलबली मच गई। इस मामले के तार बाघ तस्करों से जुड़े होने का अंदेशा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चिमूर तहसील के भिसी वनपरिक्षेत्र के वनविकास महामंडल के शिरसपुर वनक्षेत्र के कक्ष क्रमांक १७ में वनअधिकारियों को दो दुपहिया वाहन संदेहास्पद स्थिति में मिले। इनमें बजाज डिस्कवर क्र. एम. एच. 40.जी 6873 तथा हीरोहोंडा स्प्लेंडर क्र. एम. एच. 34. ए. एल.4322 लावारिस अवस्था में पड़ी थी। इन वाहनों की जांच करने पर दोनों वाहनों के पिछले हिस्से में बड़े थैले लटके मिले।
इन थैलों में बारूद की गोली, छर्रे, बोतल, स्क्रू जैसे देसी बम बनाने के लिए जरूरी सामग्री थी। वनविभाग के राऊंड ऑफिसर मल्लेलवार तथा उनके सहयोगियों ने वाहनों को जब्त कर भिसी पुलिस थाने भेज दिया। दोपहर के समय चिमूर तहसील के ही जांभुलघाट निवासी मोहनसिंह तीरथसिंह जुन्नी बजाज डिस्कवर गाड़ी का मालिक होने का दावा करते हुए उसे लेने थाने पहुंचा। वनविभाग के अधिकारियों ने इस दौरान उसे हिरासत में ले लिया और उसके जांभुलघाट स्थित घर पर छापा मारा। यहां पर शिकार के लिए आवश्यक अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
दूसरी दुपहिया वाहन का मालिक जांभुलघाट निवासी सावरकर नामक व्यक्ति के होने की जानकारी वनअधिकारियों ने दी। इस कार्रवाई के बाद इस क्षेत्र में शिकारियों की टोली सक्रिय होने की शंकाओं की पुष्टि हुई है। ताड़ोबा अंधारी बाघ प्रकल्प के बफर जोन से मात्र ३० किमी दूर वनविभाग की इस कार्रवाई के बाद ताड़ोबा क्षेत्र में शिकारियों की घुसपैठ को नकारा नहीं जा सकता।