मुंबई. मावल फायरिंग मामले की जांच करनेवाली कमेटी ने इस मामले में जिन पुलिसकर्मियों को दोषी ठहराया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकारी वकील ने बॉम्बे हाईकोर्ट को यह जानकारी दी है। मामले को लेकर विधि व न्याय विभाग के उपसचिव की ओर से दायर किए गए हलफनामे के मुताबिक कार्रवाई के संबंध में सरकार के पास उपयुक्त दस्तावेज पेश किया जाएगा।
सरकारी वकील ने कहा कि इससे पहले मावल फायरिंग को लेकर जिन पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी किया गया था उनके जवाब का भी आकलन किया जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वरचंद खंडेलवाल ने इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। न्यायमूर्ति अभय ओक व न्यायमूर्ति एएस गड़करी की खंडपीठ के समक्ष याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान सरकारी वकील की दलीलों को सुनने के बाद खंडपीठ ने मामले की सुनवाई 2 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी।
खंडपीठ ने अगली सुनवाई के दौरान सरकार को स्पष्ट करने को कहा है कि पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई को लेकर क्या कदम उठाए गए है। गौरतलब है कि सरकार ने मावल फायरिंग मामले की जांच के लिए पूर्व न्यायाधीश एमजी गायकवाड़ की अध्यक्षता में कमेटी गठित की थी। मावल में पानी दूसरी जगह भेजे जाने के विरोध में हुए आंदोलन में कई किसान घायल हो गए थे। जबकि दो लोगों की मौत हो गई थी।