मुंबई. महाराष्ट्र में सीटों के बंटवारे को लेकर नाराज शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपनी पुरानी सहयोगी भाजपा की हार पर उसे खासी नसीहत दी है। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने भाजपा को पैर जमीन पर रखने की सलाह देते हुए कहा,‘जनता को नजरअंदाज मत करो। उप चुनाव के नतीजे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सबक है। जीत के उन्माद में हवा में आकर तलवारबाजी मत करो। वरना जनता उल्टा-सुल्टा पटक देगी।’ उन्होंने कहा, ‘यदि मोदी सरकार के 100 दिन के काम जनता तक नहीं पहुंच रहे हैं, तो उसके लिए जिम्मेदार कौन है? उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ का ‘
लव जिहाद’ का मुद्दा नहीं चला।
पहले बिहार और अब उत्तर प्रदेश, राजस्थान व गुजरात के उपचुनाव में भाजपा की हार हुई। इस मोदी लहर खत्म होने की चर्चा शुरू हो गई है। लिहाजा, इन नतीजों से यदि सबक सीखा जाएगा, तो ही महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जीत सकेंगे।’ यह बयान ऐसे समय दिया है, जब सीट बंटवारे को लेकर शिवसेना और भाजपा में जोर आजमाइश चल रही है। दोनों दलों का 25 साल पुराना गठबंधन टूटने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
भाजपा पर जुबानी तीर चलाते वक्त उद्धव ने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी नाराज न हों इसका पूरा ख्याल रखा है। शिवसेना प्रमुख ने कहा,‘जनता ने देश चलाने के लिए मोदी को जनादेश दिया है। लेकिन यदि किसी ग्राम पंचायत चुनाव का परिणाम अलग आता है, तो उसका ठीकरा मोदी लहर पर फोड़ना सही नहीं है।’ उद्धव ने लिखा, ‘उप चुनावों में कांग्रेस को भी यह दावा नहीं करना चाहिए कि ये नतीजे प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जनादेश है।'
देश की सुरक्षा के लिए मोदी बेहतर ढंग से काम कर रहे हैं।’
आठवले हुए नाराज !
सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए बुधवार को भाजपा और आरपीआई की बैठक बांद्रा के रंगशारदा हॉल में तय थी। भाजपा नेताओं से मुलाकात करने पहुंचे आरपीआई अध्यक्ष रामदास आठवले अचानक बैठक से बाहर निकल आए। सूत्रों के अनुसार बैठक का समय तीन बजे तय था। लेकिन तय समय पर भाजपा की किसी नेता के नहीं आने पर आठवले बैठक से निकल गए।
शिवसेना की बैठक टली:
महायुति के छोटे दलों के दबाव के कारण उद्धव ठाकरे की ओर से बुलाई गई पार्टी पदाधिकारियों की बैठक टल गई। अब यह बैठक 21 सितंबर को बांद्रा स्थित रंगशारदा हॉल में बुलाई गई है।
शाह नहीं पहुंचे रंगशारदा:
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह के मुंबई दौरे को देखते हुए महायुति
के घटक दल अंतिम निर्णय चाहते थे। उनसे मिलने के लिए आरपीआई के रामदास आठवले और स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के राजू शेट्टी बांद्रा के रंगशारदा हॉल गए। लेकिन
अमित शाह नहीं पहुंचे।
भाजपा ने की देर रात तक माथापच्ची
केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी के मुंबई स्थित आवास पर समाचार लिखे जाने तक भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच माथापच्ची जारी थी। बैठक में गडकरी के अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश प्रभारी राजीव प्रताप रूडी, ओपी माथुर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस और सुधीर मुनगंटीवार शामिल थे।
भाजपा-सेना दोबारा शुरू करें वार्ता : शेट्टी
शिवसेना-भाजपा के बीच जारी कटुता के बीच महायुति के घटक दल दोनों पार्टियों के बीच सुलह कराने के प्रयास में जुट गए हैं। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी व राष्ट्रीय समाज पक्ष के महादेव जानकर ने बुधवार को शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे व भाजपा नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की। शेट्टी ने भास्कर से बातचीत में कहा कि मैंने ठाकरे से मिलकर सीट बंटवारे पर दोबारा चर्चा शुरू करने की अपील की है। महायुति के सभी छोटे घटक दल चाहते हैं कि शिवसेना और भाजपा एक साथ विधानसभा चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि शेतकरी संगठन ने शिवसेना और भाजपा से कुल 13 सीटों की मांग की है। उम्मीद है हमें सम्मान जनक सीटें मिलेंगी।
आगे की स्लाइड में पढ़िए चव्हाण बोले- अकेले ही लड़ लेंगे चुनाव।