पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

'पवार क्या जानें शिवबंधन का महत्व, उन्होंने जीवनभर लोगों को उलझाया'

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मुंबई. केंद्रीय कृषिमंत्री शरद पवार ने जीवनभर लोगों को उलझाने का ही काम किया है। इसलिए वे क्या जानें शिवसेना के रक्षा सूत्र और शिवबंधन का महत्व? इन शब्दों में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने पवार पर पलटवार किया है। उद्धव ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि पवार आज 'शिवबंधन' बांधने पर ऐतराज जता रहे हैं। कल वे रक्षाबंधन मनाने का भी विरोध करेंगे। बहुत अच्छा हुआ कि इसी बहाने पवार के मन का जहर बाहर आ गया।

गौरतलब है कि शिवसेना ने 23 जनवरी को मुंबई के सोमैया मैदान में दिवंगत बाल ठाकरे की जयंती के मौके पर प्रतिज्ञा रैली की थी। रैली में उद्धव ने शिवसैनिकों की कलाई पर रक्षा सूत्र यानी भगवा रंग का शिवबंधन बांधा था। इस पर शरद पवार ने शुक्रवार को कहा था कि महाराष्ट्र में हाल ही में अंधश्रद्धा विरोधी कानून लागू हुआ है।

लिहाजा शिवसैनिकों की कलाई पर अब रक्षा सूत्र (शिवबंधन) बांधने के प्रकरण में सरकार क्या कार्रवाई करती है? इस पर उनकी नजर है। पवार का यह बयान उद्धव को नागवार गुजरा है। लिहाजा उन्होंने पलटवार किया है।

हिंदू विरोधी है जादू-टोना कानून :

ठाकरे ने कहा कि राज्य सरकार ने जादू-टोना कानून हिंदुओं के रीति-रिवाज पर अंकुश लाने के लिए लाया है। यह आरोप शिवसेना शुरू से लगा रही है। पवार के बयान से शिवसेना का यह आरोप सही साबित होता नजर आ रहा है। परंतु सरकार ने यदि जादू-टोना कानून की आड़ में हिंदुओं की परंपरा व आस्था को आहत करने का काम किया, तो शिवसेना ऐसे कानून को उखाड़ फेंकने का काम करेगी।