मुंबई। कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सांवत ने जलगांव जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ शनिवार को सिनेमा देखने वाले राजस्व मंत्री एकनाथ खड़से पर निशाना साधा है। सांवत ने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों से उत्तर महाराष्ट्र सहित राज्य भर के कई जिलों में बेमौसम बारिश होने के कारण किसानों के सामने गंभीर समस्या आ खड़ी हुई है। किसानों की फसलें चौपट हो रही हैंं।
राजस्व मंत्री के गृह जिले जलगांव में सबसे ज्यादा हालत खराब है। इसके बावजूद वह किसानों की मदद करने के बजाय जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सिनेमा देखने में मशगूल हैं। राज्य सरकार किसानों को लेकर कितनी असंवेदनशील है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार को किसानों के साथ खड़ा होना चाहिए था।
खड़से को सरकार द्वारा घोषित मदद राशि को जल्द से जल्द किसानों पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए था, लेकिन किसानों के लिए कुछ करने के बजाय खड़से जलगांव में भाजपा के विधायकों, जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सिनेमा का आनंद लूट रहे हैं। राज्य के लिए इससे ज्यादा शर्मनाक बात कुछ नहीं हो सकती है। सावंत ने कहा कि इससे पहले भी खड़से बिजली बिल भरने को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं।