पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बॉल के चक्कर में गई बालक की जान, घर के कुएं में झांकते समय गिरा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नागपुर. बॉल के चक्कर में एक बालक घर के कुएं में झांकते समय गिर पड़ा। पानी में डूब जाने से 5 वर्षीय रूपेश मोहन माहुरे की जान चली गई। घटना रविवार को दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। रूपेश के कुएं में गिरने की सूचना उसकी बड़ी बहन पायल ने परिजनों को दी। पता चला है कि रूपेश के आंगन में कुएं को जाली लगी थी। कुएं के ऊपर लगी जाली में दरवाजा था। उसमें ताला लगाना परिवार वाले भूल गए थे। उनकी यही भूल रूपेश की मौत का कारण बन गई। रुपेश घर में सभी का लाडला था। उसकी मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

सूत्रों के अनुसार भगवान नगर पोस्ट ऑफिस के पीछे प्लाट नंबर 52 में मोहन माहुरे का परिवार रहता है। मोहन का पांच वर्षीय बेटा रूपेश माहुरे अपनी बड़ी बहन पायल के साथ रविवार को दोपहर में क्रिकेट खेल रहा था। खेलते समय बॉल घर के कुएं में गिर गयी। रूपेश ने देखा कि कुएं की जाली में लगे छोटे दरवाजे को ताला नहीं लगा था। रूपेश ने दरवाजे को खोल कर उसके अंदर से कुएं में झांका, लेकिन संतुलन बिगड़ जाने से वह कुएं में गिर गया। उसकी बहन पायल ने दौड़कर घरवालों को बताया। उसके घरवाले कुएं के पास दौड़कर गए। रूपेश नजर नहीं आ रहा था। वह गिरने के बाद कुएं में डूब गया।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। दमकल विभाग भी घटनास्थल पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने कुएं से रूपेश को बाहर निकाला। उसके प्राण पखेरु उड़ चुके थे। अजनी पुलिस ने शव का पंचनामा किया। उसके बाद शव को मेडिकल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर के कुएं को खुला न छोड़ें और जाली वाले कुएं में लगे दरवाजे को ताला लगाकर रखें।