नागपुर। पुत्रियों के स्कूल में पालक सभा के लिए जा रहे परिवार को टिप्पर ने उड़ा दिया। हादसा रविवार को कलमना क्षेत्र में हुआ, जिसमें परिवार के मुखिया की मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा। इस बीच आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। दीपक समुंद्रे (35) सुदर्शन चौक निवासी डागा अस्पताल में सफाईकर्मी था। रविवार को दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे के दौरान दीपक पत्नी भारती (30), पुत्रियां विधि (7) और सीमा (5) के साथ मोटरसाइकिल क्र. एमएच 31 बीजे 3873 से पुत्रियों के आसोली स्थित स्कूल में पालक सभा के लिए जा रहे थे।
उस दौरान कलमना क्षेत्र में ही पीले रंग के टिप्पर के चालक ने ओवरटेक करने के चक्कर में मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में पूरा परिवार सड़क पर गिर गया, परंतु परिवार का मुखिया दीपक टिप्पर की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे मेयो अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में भारती और उसकी एक पुत्री मामूली रूप से घायल हुई हैं। हादसे में पूरा परिवार बाल-बाल बच गया, परंतु घर के मुखिया की जान नहीं बच पाई। हादसे से कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा। इस बीच आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच जारी र्है।