नागपुर. पितृपक्ष समाप्त होते ही बुधवार से नामांकन भरने वालों की संख्या बढ़ती दिखी। नागपुर सहित विदर्भ में 36 उम्मीदवारों ने बुधवार को नामांकन-पत्र दाखिल किया। नागपुर से 6 प्रत्याशियों ने पर्चा जमा किया। विशेष यह कि मध्य नागपुर विधानसभा क्षेत्र से राकांपा उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल कर, आघाड़ी में चल रही तनातनी को और बढ़ा दिया। मध्य नागपुर से राकांपा उम्मीदवार के रुप में रत्नमाला नारायण उमरेडकर ने नामांकन-पत्र दाखिल किया।
इसी तरह दक्षिण नागपुर से निर्दलीय वैभव सुरेशराव पांडव, पश्चिम नागपुर से निर्दलीय चूमन दिलबहादुर बिस्ट, उत्तर नागपुर से डॉ. शशिकांत नानासाहब तायडे, काटोल से कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के मधुकर नत्थूजी मानकर, सावनेर से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमोद नामदेवराव ढोले ने पर्चा दाखिल किया।
इसके अलावा वर्धा जिले से 4, भंडारा से 4, गोंदिया से 4, चंद्रपुर से 2, अकोला जिले से 4, वाशिम-2, यवतमाल से 4, अमरावती जिले से 6 उम्मीदवारों ने नामांकन-पत्र दाखिल किया है।
गौरतलब है कि 20 सितंबर से पूरे राज्यभर में नामांकन की प्रक्रिया आरंभ हुई है। 27 सितंबर नामांकन भरने का अंतिम दिन है।