नागपुर। एसडीओ के पुत्र की शादी में बारातियों को ले जा रही बस एक एम्बुलेंस से जा भिड़ी। हादसे में एम्बुलेंस में सवार आठ में से छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि घायल भाई-बहन की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी मृतक एक ही परिवार के थे। आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। मृतकों में अजय भगवानदास यादव, उनकी पत्नी प्रमिला, पुत्र मंगेश, नलिनी विजय यादव, विनय भगवानदास यादव और चालक पीतांबर नामदेव पाटील (सभी भुसावल निवासी) हैं। घायल रूपेश और उनकी बहन अंकिता की हालत नाजुक बनी हुई है। उनका इलाज जारी है।
सूत्रों के मुताबिक अजय को एम्बुलेंस क्र.एमएच 19 एम 9998 में भुसावल से नागपुर इलाज के लिये लाया जा रहा था। उसी दौरान सोमवार की रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के दौरान कोंढाली से दस किलोमीटर पहले खुर्सापार में विपरीत दिशा से आ रही बाबा ट्रैवल्स की बस क्र. एमए 31 सीक्यू 6900 के चालक ने एम्बुलेंस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे से यातायात बुरी तरह से प्रभावित रहा।
तीन किमी तक रॉंग साइड से चली बस
बताया जाता है कि बस में रामटेक के एसडीओ के पुत्र की बारात थी। जो इंदौर जा रही थी। बारातियों को भोजन व चाय नाश्ते के लिये किसी ढाबे पर रुकना था। इसके लिए चालक ने रॉंग साइड से अपनी बस निकाली। सूत्रों का कहना है कि रॉंग साइड में होने के बावजूद चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था।