पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • माणिकराव ठाकरे का दावा, कांग्रेस में शामिल होना चाहते थे दानवे

माणिकराव ठाकरे का दावा, कांग्रेस में शामिल होना चाहते थे दानवे

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नागपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दानवे कांग्रेस में शामिल होना चाहते थे। उनका असंतोष दूर करने के लिए ही उन्हें भाजपा नेताओं ने केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे ने यह दावा किया है। शनिवार को यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री ठाकरे ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के बाद केवल भाषणों की राजनीति कर रही है।

मंत्री नहीं बनाने पर थे नाराज
हाल ही श्री दानवे ने दावा किया है कि विपक्षी दलों के 21 वर्तमान व पूर्व विधायक भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। इसी मामले पर श्री ठाकरे ने कहा कि मंत्री पद नहीं मिलने पर दानवे ही भाजपा में नाराज थे। वे कांग्रेस की राह पर थे। उनका असंतोष दूर करने के लिए उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। श्री ठाकरे ने यह भी कहा कि किसानों को आधी राहत पैकेज निधि मिलने का दावा करनेवाले दानवे किसानों से प्रत्यक्ष मिलकर राहत की खैर-खबर लें।
आघाड़ी सरकार के कुछ मंत्रियों के विरुद्ध जांच के लिए भ्रष्टाचार प्रतिबंधक विभाग को मुख्यमंत्री ने अनुमति दी है। इस मामले पर श्री ठाकरे ने कहा कि एसीबी जांच के कारण अलग हैं। एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर नारायण राणे ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। कांग्रेस में संगठन सक्षमीकरण का काम चल रहा है। पार्टी महासचिव जल्द ही विदर्भ व मराठवाड़ा के दौरे पर आनेवाले हैं।