मौदा. तहसील के अनेक गांवों में डेंगू का खौफ समाया हुआ है। निमखेड़ा, तारसा, धानला, कुंभारी व मौदा शहर क्षेत्र सहित अनेक गांवों में डेंगू सदृश्य लक्षणों वाले मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। कुछ दिन पहले मौदा के अजिक्य आंलिबडुके नामक बच्चे को डेंगू होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद 13 सितंबर को कुंभारी ग्राम की 22 वर्षीय गर्भवती महिला सोनू धनराज डोंगरे की मौत हो गई। चर्चा फैल गई कि सोनू की मौत डेंगू से ही हुई है। कुंभारी-धामनगांव ग्रापं के उपसरपंच जितेंद्र गोरले व सदस्य अमरदीप नारनवरे ने ग्रापं की ओर से गांव में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया।
इस संदर्भ में मौदा व प्राथमिक आरोग्य केंद्र मौदा को जानकारी दी गई, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई कदम नहीं उठाए गए। तहसील के ग्राम निसतखेड़ा में आरती बावणे (22), प्रतिमा मोहनकर (17), पुष्प महादुले (१8), विशाल दारोडे (15), सुंदराबाई चव्हाण (30), संगीता महादुल(२2), प्रियंका महादुले(13), मोना महादुले (15), किंजल कब्जे (12) आदि मरीजों के रक्त नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इसकी जानकारी तारसा के स्वास्थ्य अधिकारी डा. तिवारी ने दिए हैं। तारसा में मनोहर हटवार (22), अर्चना मोटघरे (25) का कामठी के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बैठक में दी उपाययोजना की जानकारी
तहसील में छोटे बड़े बच्चे और महिला, पुरुष बुखार, सर्दी, खांसी, खोकला आदि बीमारियों से पीडि़त हैं। धानला गांव में कुछ दिन पहले 30 संदिग्ध मरीज मिले थे। इनमें से दस में डेंगू जैसे लक्षण देखे गए। ग्राम कुभारी की गर्भवती महिला की मौत के बाद उसके परिवार के अन्य सात लोगों की सघन जांच हो रही है। मौदा के स्वास्थ्य अधिकारी डा. सावलीकर ने सभी आरोग्य सेवक व कर्मचारियों की बैठक बुलाकर आवश्यक उपाय योजना करने की जानकारी दी। एहतियातन सावधानी बरतने की अपील की गई है।
बार्सी में 6 डेंगू पॉजिटिव
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मौदा तहसील के तारसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत बार्सी गांव में हाल ही में डेंगू के 6 पॉजिटिव मरीज पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है। इसी स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवक के पांच पद रिक्त हैं, केवल दो स्वास्थ्य सेवकों के भरोसे रक्त नमूनों की जांच का काम चलाया जा रहा है। इसी तहसील के खांदला गांव में एक लड़की की मौत हुई थी। खबर है कि इसके बाद जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने गांव का दौरा कर जांच के आदेश दिए हैं।