पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • From One Constituency To BJP, Shiv Sena Applications

एक ही निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा-सेना ने भी लिए आवेदन, शकील ने भरा नामांकन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नागपुर. राज्य में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस में चल रही खींचतान का असर दिख रहा है। मतभेदों को देखते हुए पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शनिवार को नामांकन भरने के पहले दिन राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेताओं ने बड़ी संख्या में नामांकन-पत्र खरीदे। राष्ट्रवादी कांग्रेस के नगरसेवक राजू नागुलवार ने दक्षिण नागपुर निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन पत्र खरीदी किया है। नागुलवार की तरह अनेक नेताओं ने अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन पत्रों की खरीदी की है।
भाजपा और शिवसेना के नेता भी इसमें पीछे नहीं रहे। एक ही निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा-शिवसेना नेताओं ने भी आवेदन खरीदे। पहले दिन लगभग 165 नामांकन-पत्रों की बिक्री हुई है। इसे भविष्य की तैयारी के रुप में देखा जा रहा है। अंतिम क्षण तक अगर आघाड़ी या महायुति नहीं होती है तो अपने-अपने बलबूते की लडऩे की तैयारी इसे बतायी जा रही है।

हालांकि पहले दिन एकमात्र नामांकन-पत्र दाखिल हुआ है। डेमोक्रेटिक सेक्युलर पार्टी (डीएसपी) के उम्मीदवार शकील पटेल उर्फ अब्दुल करीम पटेल ने दक्षिण नागपुर से नामांकन-पत्र जमा किया है। उन्होंने जीत का विश्वास जताया है। अन्य सभी पहले दिन खरीदार ही दिखे। समाजवादी पार्टी की माया चवरे ने भी कामठी विधानसभा क्षेत्र से फार्म खरीदी किया। बताया गया कि पितृपक्ष की वजह से अन्य किसी ने नामांकन दाखिल नहीं की।
हालांकि राष्ट्रीय पार्टियों में गठबंधन की स्थिति स्पष्ट नहीं होने से उम्मीदवार भी घोषित नहीं हो पाए हैं। ऐसे में पितृ-पक्ष के बाद ही उम्मीदवारों का तांता लगने की संभावना जताई गई है। नागपुर सहित विदर्भ में पहले दिन कुल चार नामांकन दाखिल किए गए। आर्वी से स्वप्निल रामराव जगताप (निर्दलीय), भंडारा से हिवराज भिकूलाल उके ( भाकपा) और रिसोड़ निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रवादी कांगेरेस के अंकुश दादा रामचंद्रराव देशमुख ने नामांकन दाखिल किए।

उत्तर और दक्षिण में सर्वाधिक खरीदार
पहले दिन 165 आवेदनों की बिक्री हुई। खरीदार सबसे अधिक उत्तर और दक्षिण नागपुर के रहे। उत्तर नागपुर से 27 और दक्षिण नागपुर से 22 नामांकन-पत्र बिके। ऐसे में उत्तर और दक्षिण नागपुर से इस बार सर्वाधिक उम्मीदवार होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम से 10, पूर्व नागपुर से 10, मध्य नागपुर से 15, पश्चिम नागपुर से 16, रामटेक से 9, काटोल, सावनेर, हिंगणा, कामठी से 11-11 और उमरेड से 12 इच्छुकों ने आवेदन फार्म खरीदे।

विस चुनाव में इनकी उम्मीदवारी लगभग तय

विधानसभा चुनाव के लिए उत्तर नागपुर से राज्यमंत्री नितिन राऊत, दक्षिण-पश्चिम से गुडधे पाटिल, कामठी से सुरेश भोयर, वर्धा से शेखर शेंडे और उमरेड से सुलेखा कुंभारे की उम्मीदवारी लगभग तय मानी जा रही है। पूर्व मंत्री सुलेखा कुंभारे कामठी से चुनाव लडऩे के लिए इच्छुक हैं। बताया जा रहा है कि जब उन्हें कामठी से सुरेश भोयर को उम्मीदवारी दिए जाने की बात पता चली तो उन्होंने इस पर एतराज जताते हुए खुद के लिए कामठी से ही उम्मीदवारी देने की पुरजोर मांग की। जानकारी के मुताबिक उन्होंने आज सीईसी की बैठक के पहले एक पत्र प्रदेशाध्यक्ष माणिकराव ठाकरे को सौंपकर इस पर बैठक में विचार करने को लेकर अनुरोध किया, लेकिन ठाकरे ने उन्हे उमरेड से ही चुनाव लडऩे की तैयारी करने को कहा ।
(डेमोक्रेटिक सेक्युलर पार्टी (डीएसपी) के उम्मीदवार शकील पटेल उर्फ अब्दुल करीम पटेल ने दक्षिण नागपुर से नामांकन-पत्र जमा किया।)