पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनागपुर. एलबीटी विरोध दिन-ब-दिन उग्र रूप धारण करता जा रहा है। आंदोलन की लपटों ने अब रेलवे को भी अपनी चपेट में ले लिया है। बुधवार की दोपहर में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने मोतीबाग डायमंड क्रासिंग के पास हावड़ा लाइन से गुजरने वाली ट्रेनों को रोक दिया। इनमें दो यात्री ट्रेनें व 2 मालगाडिय़ां शामिल थीं। उधर, रात में कलमना रेलवे लाइन पर एक और टे्रन को रोकने की कोशिश की।
लेकिन इसमें असफल होने पर सड़कों पर दौड़ रही एसटी बसों को निशाना बनाया गया। तीन बसों के कांच तोड़े, वहीं एक बस की हवा निकाली गई। राह से गुजर रहे आम वाहन चालकों को भी रोका गया, जिससे एलबीटी विरोधी आंदोलन में असामाजिक तत्वों के शामिल होने का आरोप लग रहा है। प्रदर्शनकारियों के कारण बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति रही।
मोतीबाग में मचाया हंगामा
बुधवार दोपहर को करीब एक बजे मोतीबाग डायमंड क्रासिंग पर दो टे्रनों को रोका गया। माहौल तनावपूर्ण बनने से इतवारी, नागपुर स्टेशन से जीआरपी व आरपीएफ से कुल सौ से अधिक जवान घटनास्थल पर पहुंच गए थे। भारी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर ट्रेनों का अवागमन सुचारु किया जा सका।
करीब 45 मिनट से ज्यादा समय तक प्रदर्शन किया गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेल यातायात में बाधा डालने पर नागपुर आरपीएफ ने रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मामला दर्ज करके दो लोगों को पकड़ा है। घटना के समय की वीडियो शूटिंग व फोटो के माध्यम से बाकी प्रदर्शनकारियों की पहचान करने में आरपीएफ जुट गयी है।
पारडी नाका पर असफल प्रयास
रात में प्रदर्शनकारियों ने पारडी नाका गेट क्रमांक 71 से नैरोगेज से गुजरने वाली नागभीड़-मोतीबाग पैसेंजर को रोकने की योजना बनाई थी। इसके लिए बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी रेलवे पटरी पर लेट गए थे। रेलवे प्रशासन को इसकी सूचना मिलने पर पैसेंजर को एक कि.मी. पहले आउटर पर खड़ी कर दिया गया। ऐसे में प्रदर्शनकारी अपनी योजना में विफल
साबित हुए। उन्होंने अपना गुस्सा बसों पर निकाला। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने एचबी टाउन में बसों को रोककर तोडफ़ोड़ की। तीन बसों के कांच फोड़े गए, जबकि एक की हवा निकाली गई। कुछ दो और चार पहिया वाहनों को भी रोका गया। बुजुर्गों को भी परेशान किया गया। खूब देर तक हंगामा चलता रहा। पुलिस जैसे ही पहुंची, प्रदर्शनकारी रफ्फू-चक्कर हो गए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.