पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनागपुर. त्योहार को देखते हुए रविवार से एलबीटी विरोधी आंदोलन को १५ मई तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। यही कारण है कि रविवार को शहर के सभी बाजारों में रौनक रही। शहर के मुख्य बाजारों में खरीदारों का तांता लगा रहा। जहां एक ओर शादी का सीजन चल रहा है वहीं अक्षय तृतीया के लिए भी लोगों ने आभूषणों और कपड़ों की खरीदी की। व्यापार बंद होने के कारण शादी वालें घरों में लोगों द्वारा सामान नहीं खरीदे गए थे। २१ दिन के बाद दुकानें खुलते ही वे खरीदी के लिए टूट पड़े। बाजार बंद होने के कारण कई लोगों को ऊंचे दाम पर सामान की खरीदी करनी पड़ी थी।
किराना में ग्राहकी बढ़ी
बाजार खुलने की बात पता चलते ही इतवारी के होलसेल किराना बाजारों में ग्राहकों की भीड़ लग गई। बंद के कारण लोगों के घरों का किराना खत्म हो गया था, कई छोटे दुकानदार जो थोक बाजार से सामान ले जाते हैं वे भी खरीदी करते देखे गए। किराना व्यावसायी चंदन गोस्वामी ने बताया कि बाजार खुलते ही मार्केट में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। मसालों की ग्राहकी काफी अच्छी रही, लेकिन अनाज बाजार में कुछ खास रौनक नहीं दिखाई दी। छुट्टी का दिन होने के बावजूद ९० प्रतिशत तक किराना दुकानें खुली।
खोवा 150 से 160 रु. प्रति किलो
खोवा बाजार में खोवा १५० से १६० रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। जल्द खराब होने वाला पदार्थ होने के कारण बंद के बीच भी खोवा मार्केट खुला रहा। किंतु बाजार में खोवा की ग्राहकी कमजोर रही। खोवा विक्रेता अशोक गुप्ता ने बताया कि बाजार में शादी के लिए खोवा ले जानेवालों की ग्राहकी अच्छी है। बंद के कारण खोवा के दाम में कोई फर्क नहीं पड़़ा है। जून माह के बाद खोवा के दाम में और भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अनाज बाजार में मंदी
शहर के होलसेल अनाज बाजार में अनाज के दाम में कमी दिखाई दी। हालांकि एलबीटी के विरोध के बीच भी कलमना बाजार में अनाज की खरीदी बिक्री शुरू रही। फिर भी बाजार कमजोर है। किसानों के पास अनाज का स्टॉक है, बताया जा रहा है कि बारिश के मुहाने पर वे अनाज मार्केट में बेचने के लिए निकालेंगे। बाजार में सोयाबीन के दाम ३६०० से ३९५० रुपए है जो पहले ४२०० से ४३०० चल रहे थे। उसी प्रकार चना ३५०० से घटकर ३०००-३२५० रुपए में बिक रहा है। तुअर के दाम भी ४६०० से ३८०० रुपए तक आ गए है। जानकारों का मानना है कि आगे भी दाम कम हो सकते हैं। किसान गोदाम में रखा माल बाहर निकालेंगे जिससे दाम और घटेंगे। चावल के भाव खींचें हुए है। जयश्रीराम ४००० से ४२०० तो एचएमटी ३५०० से ३६०० रुपए बिक रहा है।
कपड़ा और बर्तन बाजार
सर्राफा और अनाज के साथ ही कपड़ा और बर्तन बाजार में भी भीड़ रही। शादी ब्याह और अक्षय तृतीया को देखते हुए लोगों ने कपड़ा और बर्तन की खरीदी की। हालांकि महल और बर्डी का कपड़ा बाजार खुला होने के कारण कपडा मार्केट पर कुछ खास असर नहीं दिखाई दिया लेकिन बर्तन बाजार में खासी भीड़ देखी गई।
सराफा में ग्राहकी
अक्षय तृतीया को देखते हुए सराफा बाजार में रविवार को जमकर ग्राहकी रही। बाजार खुलते ही शादी ब्याह के गहने लेने वालों का भी जमघट लग गया। एक दुकानदार ने बताया कि एलबीटी के विरोध में जारी हड़ताल स्थगित होने के कारण पूरे २० दिन बाद सराफा बाजार खुला है। यही कारण है कि दुकानों में शादी और अक्षय तृतीया के लिए गहने और सिक्के खरीदने वालों की भीड़ लगी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.