नागपुर. अचानक हुए राजनीतिक उथल पुथल के बीच आरपीआई नेता डा. मिलिंद माने ने भाजपा का दामन थाम लिया है उन्हें उत्तर नागुपर से भाजपा का उम्मीदवार बनाया गया है। विदर्भ वादी आंदोलन में सुर्खियों में रहने वाले अहमद कादर ने बसपा की टिकट पर पश्चिम नागपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा कांग्रेस को शिवसेना के नेता भी टिकट के लिए पाला बदल की स्थिति में हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन-पत्र दाखिल करने शनिवार अंतिम दिन है। इसे अब 12 घंटे से भी कम समय बचा है। ऐसे में शुक्रवार को नामांकन-पत्र दाखिल करने दिग्गजों का जमावड़ा लगा।
ढोल-नगाड़ों के बीच और बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ सभी उम्मीदवारों ने जिलाधिकारी कार्यालय सहित विविध निर्वाचन केंद्रों में अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया। इस दौरान शक्ति प्रदर्शन भी किया गया। भाजपा में देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाने के नारे भी लगे। दिग्गजों के जमावड़े को देखते हुए निर्वाचन केंद्रों पर पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त भी लगाया गया था।
जिलाधिकारी कार्यालय में उम्मीदवार के साथ सिर्फ पांच समर्थकों को छोड़ा जा रहा है। परिसर में पुलिस की घेराबंदी से आम जनता को खासी तकलीफों का भी सामना करना पड़ा। जिलाधिकारी कार्यालय में अपने जरूरी काम निपटाने पहुंचे सामान्य नागरिकों को दोपहर 3 बजे तक बाहर ही खड़ा रहना पड़ा। नेताओं की उम्मीदवारी में आम जनता परेशान हुई।
पहले से संभावना थी कि शुक्रवार को नामांकन-पत्र दाखिल करने दिग्गजों का तांता लगेगा। सुबह 11 बजे से दिग्गजों का जुटना शुरू हो गया। सबसे पहले उम्मीदवार देवेंद्र फडणवीस बने। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने दक्षिण-पश्चिम नागपुर से अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया। इसी दौरान निवर्तमान सुधाकर देशमुख ने भी पश्चिम नगापुर से अपना आवेदन किया।
कुछ समय बाद देवेंद्र फडणवीस और सुधाकर देशमुख, शहर भाजपा अध्यक्ष कृष्णा खोपडे की रैली के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। साथ ने भाजपा के उत्तर नागपुर प्रत्याशी और नये सदस्य डॉ. मिलिंद माने थे। रैली संविधान चौक से बाजे-गाजे के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। रैली में एकच विश्वास-एकच खात्री, देवेंद्र भाऊ मुख्यमंत्री के नारे भी लगे।
इसके बाद कृष्णा खोपडे ने पूर्व नागपुर और डॉ. मिलिंद माने ने उत्तर नागपुर से नामांकन-पत्र दाखिल किया। थोड़ी देर में मध्य नागपुर के भाजपा उम्मीदवार विकास कुंभारे भी नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इनके साथ राज्यसभा सदस्य अजय संचेती, पूर्व सांसद बनवारीलाल पुरोहित, विधायक प्रा. अनिल सोले समेत आदि उपस्थित थे। उधर, बसपा का भी जल्लोष देखते बना। बसपा के तीन उम्मीदवारों ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया।
उत्तर नागपुर से किशोर गजभिये, दक्षिण नागपुर से सत्यभामा लोखंडे और दक्षिण-पश्चिम नागपुर से राजेंद्र पडोले ने नामांकन दाखिल किया। मनसे कुछ अलग रंग में दिखी। मनसे के पश्चिम नागपुर के उम्मीदवार प्रशांत पवार ने रेल का डिब्बा रैली के साथ लाया था। यह लोगों के आकर्षण का केंद्र भी बना। बड़े जमाव के साथ उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। राकांपा के उम्मीदवार भी अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे।
उत्तर नागपुर से विशाल खांडेकर ने नामांकन दाखिल किया। विकलांग कैसे पीछे रहते। विदर्भ विकलांग संघर्ष समिति ने भी चुनाव में किस्मत आजमाने का निर्णय लिया है। समिति के राजेश खारेकर ने उत्तर नागपुर और उमेश गणवीर ने पूर्व नागपुर से नामांकन दाखिल किया। समिति ने चुनाव आयोग से उनके सभी उम्मीदवारों को एक-समान चुनाव चिन्ह देने की भी मांग की। इसके अलावा अनेक उम्मीदवारों ने अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया।
आज कांग्रेसियों का दिन
शनिवार को सभी कांग्रेस उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। पश्चिम नागपुर से विकास ठाकरे, दक्षिण से सतीश चतुर्वेदी, मध्य से अनीस अहमद, पूर्व से अभिजीत वंजारी, दक्षिण-पश्चिम से प्रफुल्ल गुडधे और उत्तर नागपुर से डॉ. नितीन राऊत उम्मीदवारी दाखिल करेंगे। विकास ठाकरे सुबह 10.30 बजे संविधान चौक पर डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की प्रतिमा को माल्यर्पण कर जिलाधिकारी कार्यालय की ओर रवाना होंगे। इसी तरह शिवसेना, राकांपा सहित अन्य पार्टियों के उम्मीदवार भी शनिवार को नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगे।
(भाजपा के उम्मीदवार देवेंद्र फडणवीस, सुधाकर देशमुख, कृष्णा खोपडे, डा. मिलिंद माने)