पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Nagpur University 100th Convocation Special

विवि का 100वां दीक्षांत समारोह खास, 64 साल बाद तारीख, अतिथि में एकरूपता

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नागपुर. नागपुर विवि का 30वां दीक्षांत समारोह 26 सितंबर 1950 को मनाया गया था। 64 साल बाद इसी तारीख पर दोबारा विवि का दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति को आमंत्रित किया जाना भी इसकी एक और समानता है। 1950 में जहां भारत के प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेन्द्र प्रसाद ने शिरकत की थी, वहीं 26 सितंबर 2014 को भारत के पूर्व राष्ट्रपति डा. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम शिरकत कर रहे हैं।

दोनों बार राष्ट्रपति मुख्य अतिथि : राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के 100वें दीक्षांत समारोह में भले ही पूर्व राष्ट्रपति डा. कलाम शिरकत करनेवाले हैं और 30वें दीक्षांत समारोह में तात्कालीन राष्ट्रपति डा. प्रसाद ने शिरकत की थी, लेकिन ओहदा दोनों का समान ही है। नागपुर विवि के 73वें दीक्षांत समारोह में पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह (8 फरवरी 1985) ने शिरकत की थी।

दौरा रद्द : गौरतलब है कि 16 नवंबर 2013 को आयोजित होनेवाले नागपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को प्रमुख अतिथि के रूप मेें आमंत्रित गया था, लेकिन उनका नागपुर आगमन रद्द होने से वे समारोह में शिरकत नहीं कर पाए थे। इसी दौरान 1 हजार 378 विद्यार्थियों की डिग्रियों पर सवाल उठा था। प्रभावित विद्यार्थी उन 250 महाविद्यालयों के थे, जिनमें एक भी स्थाई प्राध्यापक नहीं थे। इससे विद्यार्थियों को प्रदान अंकों पर प्रश्न चिह्न लग गए थे और विवि की किरकिरी भी हुई थी।

कई दिग्गज कर चुके शिरकत : नागपुर विवि के दीक्षांत समारोह में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, पूर्व गृह मंत्री वल्लभ भाई पटेल, अंतिम गवरनर जनरल ऑफ इंडिया सी. राजगोपालाचारी, कवि व राजनीतिज्ञ डा. सरोजनी नायडू, मैसूर के दिवान एम. मिर्जा इस्माइल, व्यवसायी होमी मोदी जैसे नामी राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज शिरकत कर चुके हैं।

28 नंवबर 1924 को पहला समारोह : 28 नंवबर 1924 को नागपुर विवि का पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इसमें विवि के चांसलर फ्रेंक स्ले मुख्य अतिथि थे। 100 साल के इतिहास में 20 बार एक ही साल में दो दीक्षांत समारोहों का आयोजन किया गया। वहीं दो बार 3 दीक्षांत समारोह आयोजित किए गए।

26 सितंबर को 100वां समारोह : नागपुर विवि का 100वां दीक्षांत समारोह 26 सितंबर को दोपहर 3.30 बजे लॉ कॉलेज चौक स्थित रावबहादुर डी. लक्ष्मीनारायण खेल मैदान में आयोजित किया गया है।