पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

16 लाख रुपए का इनामी नक्सली कमांडर गिरफ्तार, गड़चिरोली पुलिस को मिली बड़ी सफलता

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गड़चिरोली. गड़चिराेली पुलिस ने 16 लाख रुपए के एक इनामी नक्सली कमांडर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है। गिरफ्तार नक्सली कमांडर का नाम राजू ऊर्फ जेठूराम बुधुराम धुर्वा (41) है। धुर्वा छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के खडगांव का रहने वाला है। गड़चिराेली जिले के धानोरा पुलिस उपविभाग अंतर्गत नक्सल विरोधी अभियान चलाते समय येनगांव जंगल परिसर से उसे सोमवार शाम गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार नक्सली राजू मानपुर डिवीजन का डीवीसी सदस्य और औंधी एलओएस का कमांडर है। मंगलवार को जारी पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में अनेक गंभीर अपराधों में राजू धुर्वा शामिल था। सावरगांव, मुरूमगांव, मुंगनेर, पेंढरी आदि परिसर में हुए नक्सली घटनाओं में भी उसका हाथ था।
दलम में भर्ती से पहले था मिलिशिया सदस्य
राजू दलम में भर्ती होने के पूर्व गांव में रहकर मिलिशिया सदस्य के रूप में काम करता था। मानपुर डिवीजन एसजेडसी, पोलित ब्यूरो सदस्य गुडसा उसेंडी द्वारा भेजे जिलेटिन व अन्य विस्फोटक सामग्री को अलग-अलग दलम को पहुंचाने में मदद करता था। सितंबर 2007 में पल्लेमाडी दलम में राजू सक्रिय सदस्य के रूप में भर्ती हुआ।
वर्ष 2008 में मोहल्ला एलओएस के रूप में तबादला हुआ और 2012 तक वह इस पद पर कार्यरत था। वर्ष 2012 में पल्लेमाडी दलम में डिवीसी के रूप में तबादला हुआ और यहां वह वर्ष 2013 तक कार्यरत था। 2013 से गिरफ्तार होने के पूर्व तक औंधी दलम इंचार्ज के रूप में वह कार्यरत था।
नक्सली हमले में शहीद जवान चेतन का हुआ अंतिम संस्कार
गड़चिरोली में सोमवार को हुए नक्सली हमले में नागपुर गोंडखैरी का जवान चेतन विनायक सालवे (25) शहीद हो गया। मंगलवार दोपहर को चेतन सालवे का शव नागपुर लाया गया। पहले एसआरपीएफ कैंप में सलामी दी गई। वहां से शव गोंडखैरी गांव ले जाया गया। गांव में चेतन का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ रही। अगले महीने दिवाली में उसकी शादी होने वाली थी, लेकिन चेतन के अरमान अधूरे रह गए। चेतन की वर्ष 2008 में एसआरपीएफ में नियुक्ति हुई थी।
(प्रतीकात्मक चित्र)