नागपुर. युग चांडक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश डवारे के भाई और प्रेमिका को थाने बुलाकर गहन पूछताछ की है। इनसे हत्या की कोई कड़ी जुड़ती नजर नहीं आने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
समाप्त हो रही पीसीआर : गौरतलब है कि डॉ. मुकेश चांडक के बेटे युग चांडक की हत्या के मुख्य आरोपी राजेश ढिवरे और अरविंद सिंह का दो दिन बाद पीसीआर की समयावधि समाप्त हो रही है। युग हत्या प्रकरण की जांच कर रहे लकडग़ंज के थानेदार सत्यनारायण जैस्वाल ने बताया कि आरोपी राजेश ने ही युग की हत्या की योजना बनाई और उसमें अपने दोस्त अरविंद सिंह को शामिल किया। नई मोटरसाइकिल खरीदने के लिए रुपए मिलने के लालच में उसने युग की हत्या में राजेश का साथ दिया।
शक के घेरे में हर सख्त से पूछताछ : पुलिस इन दोनों आरोपियों के खिलाफ सबूत इकट्ठा करने में जुट गई है। काफी हद तक सबूत जुटा लिया गया है। सीसीटीवी कैमरे, युग के शर्ट-पैंट, मोजे पहले ही जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस ने राजेश और अरविंद के घटना के दिन पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। साथ ही उसकी स्कूटी और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। युग हत्या प्रकरण में पुलिस उत्तर नागपुर के पीसीओ संचालक, दंत चिकित्सालय के कर्मचारियों, स्कूल बस चालक, कंडक्टर, चौकीदार, राजेश के घर के आस-पास के लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस ने राजेश के कुछ अन्य दोस्तों से भी पूछताछ की है।
मांगी थी फिरौती
उल्लेखनीय है कि युग चांडक की हत्या करने के बाद आरोपी राजेश ढिवरे ने एक बड़े गैंगस्टर के नाम पर युग के पिता डॉक्टर मुकेश चांडक से 10 करोड़ की फिरौती मांगी थी। राजेश, डॉ. मुकेश चांडक के अस्पताल में रिशेप्शनिस्ट का काम करता था, जिसे 8 अगस्त को नौकरी से निकाल दिया गया था।