नागपुर. पैसे के लेन-देन को लेकर तीन आरोपियों ने एक युवक पर पेट्रोल डालकर उसकी हत्या का प्रयास किया। घायल चेतन धांडे की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सुधीर रंगारी, मुकेश शेंडे और सुमित चवरे पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों आरोपियों को 20 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अजनी पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, पार्वती नगर अजनी निवासी चेतन धांडे (20) मंगलवार की रात करीब 9 बजे रामटेके नगर में गुडफार्म पानठेले के पास टीन के कमरे में बैठा था। इस दौरान सुधीर रंगारी (कुकडे लेआउट निवासी) अपने दोस्त मुकेश शेंडे (बाबुलखेड़ा) और सुमित चवरे के साथ पहुंचा। बताया जाता है कि चेतन और सुधीर रंगारी रिश्तेदार हैं। सुधीर ने अपने दस्तावेज के आधार पर चेतन धांडे को मोटरसाइकिल किस्त पर दिलाई थी। कुछ समय तक चेतन ने किस्त बराबर जमा किया। उसके बाद उसने किस्त जमा करना बंद कर दिया।
बैंक ने सुधीर के नाम नोटिस जारी किया। सुधीर ने चेतन को जब इस बारे में कहा, फिर भी उसने किस्त जमा नहीं की। उसके बाद चेतन टालमटोल करने लगा। 16 सितंबर को सुधीर रंगारी को जब यह बात पता चली कि चेतन रामटेके नगर में एक पानठेले के पास टीन के मकान में बैठा है तो वह अपने दोस्त मुकेश और सुमित चवरे के साथ वहां पहुंचा। वहां पर सुधीर और चेतन के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढऩे पर तीनों आरोपियों ने वाहन से पेट्रोल निकाला और चेतन पर डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर अजनी थाने के उपनिरीक्षक तोटेवार सहयोगियों के साथ पहुंचे। पुलिस ने आग में झुलसे चेतन धांडे को मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया। उपचार कर उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है।
बैंक वाले कर रहे थे परेशान
सुधीर ने पुलिस को बताया कि चेतन को उसने किस्त पर मोटरसाइकिल दिलाई थी। उसके पास कोई दस्तावेज नहीं थे तो उसने अपने दस्तावेज देकर उसे मोटरसाइकिल दिलाई थी। किस्त जमा न करने पर बैंक वालों ने चेतन को फोन करने के बजाय सुधीर को परेशान कर रखा था। सुधीर ने उसे कई बार किस्त जमा करने को कहा था। पहले तो वह टालमटोल करने लगा और बाद में कह दिया कि मैं किस्त जमा नहीं करूंगा।