नागपुर. हत्या की सजा काट रहा एक कैदी शौच जाने के बहाने जेल से फरार हो गया। कैदी का नाम सूरज श्याम अरखेल है। घटना बुधवार को दोपहर करीब 3 बजे हुई। वह ओपन जेल का कैदी है। उसके चाल-चलन को देखते हुए उसे ओपन जेल में रखा गया था। उसके फरार होने की सूचना मिलने पर वरिष्ठ जेल अधिकारी आर. एस. चांदणे ने पहले धंतोली पुलिस को सूचित किया, उसके बाद जेल आईजी और डीआईजी को भी सूचना दी गई। धंतोली थाने में मामला दर्ज किया गया है।
डेढ़ वर्ष बाद छूटने वाला था : सूत्रों ने बताया कि वह डेढ़ वर्ष बाद छूटने वाला था, लेकिन सजा पूरी करने से पहले ही फरार हो गया। वह 15 वर्ष से जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। स्वीपर कॉलोनी वार्ड नंबर 9 वर्धा निवासी सूरज अरखेल ने वर्षों पूर्व विवाद होने पर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। उसे वर्धा पुलिस ने गिरफ्तार किया।
उसके बाद उसे अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई। वह कुछ समय वर्धा की जेल में सजा काटा। उसके बाद उसे दूसरी जेल में भेज दिया गया।
सुबह निकला था खेती के काम पर : सूरज इन दिनों नागपुर की ओपन जेल में था। बुधवार को रोजाना की तरह सुबह करीब 8 बजे दूसरे कैदियों के साथ सूरज भी जेल की खेत में काम करने गया। इन कैदियों पर हवलदार संजय ठोकर निगरानी रख रहा था।
सूत्र बताते हैं कि ओपन जेल के कैदियों के साथ अन्य दूसरे कैदियों की अपेक्षा ज्यादा रियायत बरती जाती है। सूरज ने अपराह्न शौच जाने का बहाना किया। संजय ने उसे पास में जाने का इशारा किया। वह खेत में फसल के अंदर शौच करने के लिए घुसा, लेकिन वापस नहीं लौटा।
बेल बजते ही मचा हड़कंप
जेल में जब भी बेल बजती है, तो एक अजीब सा हड़कंप मच जाता है। अपराह्न तीन बजे जेल परिसर में उस समय हड़कंप मचा, जब कैदी सूरज फरार हो गया। शौच के लिए जाने पर 20 मिनट तक जब सूरज बाहर नहीं आया, तो संजय उस जगह पर गया, पर सूरज कहीं नजर नहीं आया। संजय ने उसकी तलाश की और दूसरे कैदियों से पूछताछ करने लगा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
तब संजय ने मध्यवर्ती कारागृह के प्रवेश द्वार पर जाकर सूरज के फरार होने की खबर दी। उसके बाद जेल अधिकारी सकते में आ गए। कैदी के फरार होने पर जेल का अलार्म बजने लगा। उसके बाद जेल प्रशासन दस्ता उसकी खोजबीन में जुट गया और धंतोली पुलिस को सूचना दी गई। देर रात तक कैदी का कुछ पता नहीं चल पाया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।