नागपुर. नंदनवन क्षेत्र में चल रहे एक देह व्यवसाय अड्डे पर गुरुवार को अपराध पुलिस शाखा के सामाजिक सुरक्षा दस्ते ने छापा मारा। वहां से एक युवती को मुक्त कराया और महिला दलाल को गिरफ्तार किया गया है। दलाल का नाम दीपाली काटकर है। वह पिछले 6 वर्ष से देह व्यवसाय कर रही है। उसके कमरे से एक डायरी बरामद की गई है। इसमें कई युवतियों और महिलाओं के
मोबाइल नंबर पाए गए हैं। पता चला है कि पिछले महीने दो व्यापारी और एक बिल्डर ने दीपाली से तीन युवतियां 30 हजार में लेकर पेंच घूमने गए थे। उस समय तीनों युवतियों को पता चला कि दीपाली ने उक्त रकम से ज्यादा रकम ली थी। पेंच से लौटने के बाद एक युवती ने पुलिस को टिप दे दी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
किराए के कमरे में ही शुरू
सूत्रों के अनुसार रामकृष्ण नगर नंदनवन में दीपाली किराए के मकान में अपने दो बच्चों के साथ रहती है। दीपाली अपने ही घर में यह व्यवसाय कर रही थी। अपराध पुलिस शाखा के सामाजिक दस्ते को दीपाली के इस व्यवसाय के बारे में जब पता चला, तब दस्ते के निरीक्षक बी. पोवार ने गुरुवार को दोपहर करीब 3 बजे दीपाली के घर पर एक पंटर को भेजा। दस्ते के बाकी अधिकारी-कर्मचारी आस-पास में फैलकर खड़े हो गए।
दो हजार में बातचीत
पंटर ने दीपाली के घर में जाकर उससे बातचीत की। पंटर को दीपाली ने दो हजार रुपए खर्च करने की बात की। पंटर तैयार हो गया। उसके बाद दीपाली ने एक युवती को फोन किया। कुछ देर में युवती वहां पहुंच गई। पंटर को दीपाली ने युवती के साथ कमरे में भेजा। मौका पाकर पंटर ने पुलिस को संदेश दे दिया। पुलिस ने छापा मारकर युवती को कमरे से धर-दबोचा। उसके बाद दीपाली को गिरफ्तार किया। दीपाली के खिलाफ नंदनवन थाने में देह प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीडि़त युवती को महिला सुधारगृह भेज दिया गया है।
ब्यूटी पार्लर में काम का बहाना
सूत्रों ने बताया कि पीडि़त युवती अपने परिजनों को ब्यूटी पार्लर में काम करने की बात बताकर बाहर जाया करती थी। वह परिजनों को बता रखी थी कि उसे पार्लर की मालकिन एक हजार रुपए रोज देती है। युवती के पिता इम्प्रेस मील में थे। मील बंद हो जाने पर परिवार में आर्थिक तंगी आ गई। युवती के परिवार में दो भाई भी हैं। घर की आर्थिक स्थिति में हाथ बंटाने के लिए युवती ने ब्यूटी पार्लर का कोर्स किया। वह एक ब्यूटी पार्लर में काम भी करती थी। दो वर्ष पहले इसी जगह पर दीपाली की उससे पहचान हुई। दीपाली ने कम समय में अधिक रकम कमाने का लालच देकर उसे देह व्यवसाय की दलदल में उतार दिया।
8 वर्ष पहले छोड़ा पति
बताया जाता है कि दीपाली का पति 8 वर्ष पहले उसे छोड़कर चला गया। पति के जाने के बाद दो बच्चों की जिम्मेदारी निभाते हुए देह व्यवसाय के धंधे में उतर गई। पहले वह दूसरी महिला दलाल के पास खुद काम करने जाया करती थी। बाद में उसने अपना अड्डा शुरू कर दिया। पुलिस की मानें तो दीपाली के पास हर उम्र की लड़कियां हैं। वह ग्राहक देखकर लड़कियों की बात करती थी। उसके बाद उन्हें मोबाइल फोन के जरिए घर पर बुलाती थी।