पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नामी टेक्सटाइल कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर आयकर छापा, देर रात तक कार्रवाई

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नागपुर. आयकर विभाग ने कर चोरी के आरोप में शहर के नामी टेक्सटाइल कारोबारी रमेश रांदड़ के दुकान, कार्यालय, निवास व फैक्टरी पर एक साथ छापे मारे। कार्रवाई के दौरान अहम दस्तावेज हाथ लगने के साथ ही टेक्सटाइल के अलावा अन्य कारोबारों से भी आय होने का पता चला है। कारोबारी रमेश रांदड़ के अलावा उनके भतीजे से भी पूछताछ की खबर है।
आय कर विभाग की दो टीमों ने आज सुबह टेक्सटाइल कारोबारी रमेश भागीरथ रांदड़ की गांधीबाग, अन्नपूर्ण होटल के समीप स्थित दुकान, कार्यालय, निवास, वेस्ट हाइकोर्ट रोड व कलमेश्वर के मोहली स्थित टेक्सटाइल मिल तथा जिनिंग कंपनी पर छापा मारा। एक टीम में तीन दर्जन अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। दुकान पर कार्रवाई करने के बाद अधिकारियों ने पहली मंजिल पर स्थित कार्यालय से दस्तावेज जब्त किए।
इस कार्रवाई के दौरान ही अधिकारियों ने उसी इमारत में स्थित रांदड़ के निवास की भी तलाशी ली। श्री भगीरथ टेक्सटाइल दुकान, कार्यालय व निवास से दस्तावेज व रजिस्टर कब्जे में लेने के साथ ही श्री भगीरथ टेक्सटाइल के मुखिया रमेश भागीरथ रांदड़ व उनके भतीजे प्रवीण से पूछताछ की। कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई।

दूसरी टीम ने मोहली स्थित टेक्सटाइल मिल व जिनिंग फैक्टरी से दस्तावेज कब्जे में लिए। कारोबारी रमेश रांदड़ का टेक्सटाइल के अलावा श्री गोपाल रमेश कुमार सेल्स प्रा. लि., राघव टे्रंिडंग कंपनी व मल्टी अर्बन इंफ्रा सर्विसेस प्रा. लि. नाम से भी फर्म है। कपास व धागे के अलावा भूमिगत पाइप बिछाने का भी कारोबार है। कलमेश्वर के मोहली स्थित जिंिंनंग फैक्टरी में कपास खरीदी किया जाता है और उसी के समीप टेक्सटाइल मिल में धागा तैयार किया जाता है। काटन के अलावा पॉलिस्टर धागा भी तैयार किया जाता है। खबर है कि रमेश रांदड़ के और दो भाई है।
उनका भतीजा प्रवीण भी कारोबार देखता है। दस्तावेजों की छानबीन का सिलसिला रात तक जारी रहा। आय के स्रोत व कारोबार के विस्तार की जानकारी मिली। खबर है कि इनका कारोबार नागपुर के अलावा पूरे विदर्भ में फैला है। प्राथमिक जांच में आय कर चोरी का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान किसी को भी भीतर आने नहीं दिया गया। द्वार पर हथियार बंद जवानों की तैनाती थी। छापे की खबर से टेक्सटाइल कारोबारियों में हड़कंप मच गया। रांदड़ का जिस जगह निवास है, वह इलाका टेक्सटाइल के लिए प्रसिध्द है। सूत्रों के अनुसार, रमेश रांदड़ के भाई श्रीगोपाल व मधुसूदन से भी पूछताछ हो सकती है। सभी फर्मों को परिवार के सदस्य ही संभालते हैं।

मिल खुलते ही छापा

कलमेश्वर संवाददाता ने बताया कि कलमेश्वर तहसील अंतर्गत भगीरथ टेक्सटाइल मिल में गुरुवार को आयकर विभाग ने छापा मार कार्रवाई की। सुबह मिल के खुलते ही नागपुर से आयकर विभाग के 15 से 20 अधिकारियों की टीम पहुंची तथा एकाउंट्स सेक्शन व जनरल मैनेजर आफिस को कब्जे में ले लिया। साथ ही वहां कार्यरत अधिकारी व जनरल मैनेजर दुबे के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। कार्रवाई पूरी होने तक सभी को वहां से हटने के लिए कहा गया। आयकर विभाग द्वारा देर रात तक जांच जारी रही। मिल के जनरल मैनेजर दुबे ने कुछ भी जानकारी देने से इनकार किया।